देश

इंडिगो संकट पर Times Now से बोले उड्डयन मंत्री नायडू-मिसाल पेश करने वाली कार्रवाई करेंगे, जरूरत पड़ी तो CEO भी होंगे बर्खास्त

टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में नायडू ने मंगलवार को कहा कि देश के प्रमुख हवाई मार्गों पर इंडिगो के परिचालन में 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। इसके अलावा जरूरत पड़ी तो विमानन कंपनी से लोगों को निकाला भी जाएगा। लोगों को हुई असुविधा के लिए केंद्रीय मंत्री ने अफसोस भी जताया।

Image

इंडिगो संकट पर अपनी बात रखते केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत

Indigo Crisis : विमानन कंपनी इंडिगो पर गहराए संकट पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने बड़ी बात कही है। टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में नायडू ने मंगलवार को कहा कि देश के प्रमुख हवाई मार्गों पर इंडिगो के परिचालन में 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। इसके अलावा जरूरत पड़ी तो विमानन कंपनी से लोगों को निकाला भी जाएगा। लोगों को हुई असुविधा के लिए केंद्रीय मंत्री ने अफसोस भी जताया।

मिसाल पेश करने वाली कार्रवाई करेंगे-नायडू

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले में वह मिसाल पेश करने वाली कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो विमानन कंपनी के सीईओ को बर्खास्त किया जाएगा। इस तरह के संकट एवं लापरवाही को हल्के में नहीं लिया जा सकात। नायडू ने कहा कि इस पूरे मामले में क्या आपराधिक मामला बनता है? इसे भी वह देख रहे हैं। अब एयरलाइंस उड़ानें रद्द होने के बारे में सूचना कम से कम छह घंटे पहले यात्रियों को देंगी। इसके निर्देश दे दिए गए हैं।

'यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी करने की अनुमति नहीं देंगे'

इससे पहले राज्यसभा नायडू ने कहा कि किसी भी एयरलाइन को यात्रियों के लिए परेशानियां खड़ी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नायडू ने लोकसभा में इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा, ‘देशभर में विमान परिचालन में खामियों से यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए इंडिगो के खिलाफ कड़ी और उचित कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि उड़ान परिचालन तेजी से स्थिर हो रहा है, सुरक्षा उपाय पूरी तरह लागू हैं, इंडिगो को जवाबदेह ठहराया जा रहा है एवं यात्रियों की गरिमा तथा सुविधाओं का संरक्षण किया जा रहा है।

'अन्य एयरलाइन्स सुचारू तरीके से परिचालन कर रहीं'

नायडू ने सदन में कहा कि इंडिगो एयरलाइन्स के परिचालन में हालिया खामियों की वजह से उत्पन्न व्यवधान की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिगो की दैनिक उड़ानें पांच दिसंबर को तेजी से कम होकर 706 रह गई थीं, जो कल 1800 से अधिक हो गईं और आज यह संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा, ‘अन्य एयरलाइन्स देशभर में सुचारू तरीके से परिचालन कर रही हैं। हवाई अड्डों पर स्थिति में सुधार की सूचनाएं हैं जहां भीड़भाड़ और अफरा-तफरी की स्थिति नहीं है। यात्री किरायों को लौटाने, सामान का पता लगाने और यात्रियों को सहायता पहुंचाने के लिए मंत्रालय की निगरानी में कदम उठाये जा रहे हैं।’

उपायों के साथ ही जवाबदेही भी तय की जाएगी-नायडू

नायडू ने कहा कि इन सब उपायों के साथ ही जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय ने डीजीसीए को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने का परामर्श दिया। उनके मुताबिक, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो के सीईओ और सीओओ को नोटिस दिए हैं और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। उनका कहना था कि इसके परिणामस्वरूप वायुयान नियम और अधिनियम के तहत कड़ी और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिगो को अपने परिचालन पुन: सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है तथा यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़ाने एवं बिना देरी के परिचालन करने को कहा गया है।

संशोधित ड्यूटी अवधि सीमा योजना लागू

उन्होंने कहा कि पायलटों की थकान को कम करने के उद्देश्य से वैज्ञानिक तरीके से तैयार संशोधित ड्यूटी अवधि सीमा योजना लागू की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘ये सुधार आवश्यक रूप से यात्री सुरक्षा के लिए हैं। डीजीसीए ने सभी हितधारकों से परामर्श करके चरणबद्ध तरीके से इन सुधारों को लागू किया था। पहले चरण में एक जुलाई, 2025 से और दूसरे चरण में एक नवंबर, 2025 से इन्हें लागू किया गया।’मंत्री ने कहा कि इंडिगो ने इन सुधारों को पूरी तरह अपनाने का स्पष्ट आश्वासन दिया था और इसके लिए अपनी तत्परता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा, ‘इन आश्वासनों के बावजूद प्रथमदृष्टया देखा गया कि (इंडिगो के) आंतरिक रोस्टरिंग प्रणाली में व्यवधान से बड़े स्तर पर उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं और हजारों यात्रियों को असुविधा हुई।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article