देश

इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद: रणवीर इलाहाबादिया का अब तक पता नहीं, सुप्रीम कोर्ट में आज होगी सुनवाई

मुंबई और गुवाहाटी पुलिस ने एक संयुक्त बयान में कहा, महाराष्ट्र साइबर और गुवाहाटी पुलिस के अलावा, जयपुर पुलिस ने भी रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन वह अभी तक उनके संपर्क में नहीं है।

Image

मुश्किल में रणवीर इलाहाबादिया

India's Got Latent Row: यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया का कोई अता-पता नहीं है और वह अब तक पुलिस या जांच एजेंसियों के सामने पेश नहीं हुए हैं। मुंबई और गुवाहाटी पुलिस ने एक संयुक्त बयान में कहा कि अब तक इलाहाबादिया संपर्क में नहीं हैं। पुलिस ने कहा कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' मामले में महाराष्ट्र साइबर विभाग, गुवाहाटी पुलिस और जयपुर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में नामजद होने के बाद उन्होंने अभी तक जांच एजेंसियों को जवाब नहीं दिया है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया पर कई एफआईआर के खिलाफ याचिका को 18 फरवरी को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग इलाहाबादिया और अन्य आरोपियों को सुनवाई के दिन उपस्थित नहीं होने के बाद नई तारीखें दी हैं।

मुंबई और गुवाहाटी पुलिस का बयान

मुंबई और गुवाहाटी पुलिस ने एक संयुक्त बयान में कहा, महाराष्ट्र साइबर और गुवाहाटी पुलिस के अलावा, जयपुर पुलिस ने भी रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन वह अभी तक उनके संपर्क में नहीं है। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने रणवीर को 24 फरवरी को पेश होने का आदेश दिया है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को 24 फरवरी को पेश होने के लिए तलब किया है। साइबर सेल रणवीर इलाहाबादिया और अन्य के खिलाफ दर्ज मामले की जांच कर रही है, क्योंकि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो में इनकी आपत्तिजनक टिप्पणियों से हंगामा मच गया था।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी दिया समन

कॉमेडियन समय रैना को भी 18 फरवरी को साइबर सेल के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले की जांच की है और इलाहाबादिया, रैना और अन्य को समन जारी किया है। हालांकि, जिन लोगों को समन भेजा गया था, उनमें से कई आयोग के सामने पेश नहीं हुए। इन्होंने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा, विदेश यात्रा की पूर्व प्रतिबद्धताओं और अन्य वजहों का हवाला दिया। आयोग ने कहा कि रणवीर इलाहाबादिया ने उसे सूचित किया था कि उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उन्होंने तीन सप्ताह बाद सुनवाई की नई तारीख़ मांगी है। आयोग ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और सुनवाई की तारीख 6 मार्च तय की है।

समय रैना ने मांगी माफी

शो के होस्ट समय रैना ने इस टिप्पणी के लिए माफी मांगी है और कहा है कि उनका एकमात्र उद्देश्य लोगों का मनोरंजन करना था। रैना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बयान में कहा, जो कुछ भी हो रहा है, उसे संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। मैंने अपने चैनल से इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी वीडियो हटा दिए हैं। मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों को हंसाना और अच्छा समय बिताना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो। धन्यवाद।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article