देश

विशेषज्ञ ने चेताया: भारत में आ सकता है विनाशकारी भूकंप, हर साल 5 सेमी. खिसक रही टेक्टोनिक प्लेट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 22, 2023, 01:01 PM IST

हैदराबाद स्थित नेशनल जियोफिजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (NGRI) के मुख्य वैज्ञानिक और भूकंपविज्ञानी डॉ. एन पूर्णचंद्र राव ने कहा कि पृथ्वी की सतह में विभिन्न प्लेटें शामिल हैं जो लगातार गति में हैं।

Image

भारतीय टेक्टोनिक प्लेट हर साल बढ़ रही 5 सेमी. आगे

Photo : iStock

निकट भविष्य में भारत भी तुर्की जैसे विनाशकारी भूकंप का सामना कर सकता है। एक प्रमुख मौसम वैज्ञानिक और भूवैज्ञानिक विशेषज्ञ ने आने वाले समय में बड़े भूकंप की चेतावनी दी है। विशेषज्ञ का कहना है कि भारतीय टेक्टोनिक प्लेट हर साल लगभग 5 सेमी आगे बढ़ रही है, जिससे हिमालय क्षेत्र पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इससे आने वाले दिनों में बड़े भूकंपों की संभावना बढ़ रही है।

हिमालय में दबाव बढ़ रहा है, बड़े भूकंपों की है संभावना

एएनआई से बात करते हुए हैदराबाद स्थित नेशनल जियोफिजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (NGRI) के मुख्य वैज्ञानिक और भूकंपविज्ञानी डॉ. एन पूर्णचंद्र राव ने कहा कि पृथ्वी की सतह में विभिन्न प्लेटें शामिल हैं जो लगातार गति में हैं। भारतीय प्लेट 5 सेमी प्रति वर्ष के हिसाब से आगे बढ़ रही है। इसके कारण हिमालय में दबाव बढ़ रहा है और बड़े भूकंपों की संभावना है।

उत्तराखंड में 18 सिस्मोग्राफ स्टेशनों का मजबूत नेटवर्क

मुख्य वैज्ञानिक ने कहा कि उत्तराखंड में 18 सिस्मोग्राफ स्टेशनों का एक मजबूत नेटवर्क है। इस क्षेत्र को हिमाचल और नेपाल के पश्चिमी हिस्से के बीच भूकंपीय अंतराल के रूप में पहचाना जाता है, जिसमें उत्तराखंड भी शामिल है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने कहा कि सोमवार को रात 10.38 बजे धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश से 56 किलोमीटर उत्तर में 3.6 तीव्रता का भूकंप आया था।

भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में था। एनसीएस ने एक बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से 56 किमी. उत्तर में सोमवार रात करीब 10:38 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। 19 फरवरी को आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले के नंदीगामा शहर में भूकंप आया था। इस घटना में किसी के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं आई।

(ANI Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article