भारतीय तटरक्षक बल ने एक संदिग्ध विदेशी नाव को पकड़ी है। यह नाव भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र से कैप्चर की गई है, जिसके जरिए ईरानी चालक दल विदेशी ब्रांड की सिगरेट की तस्करी कर रहा था।
200 कार्टन विदेशी सिगरेट जब्त
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भारतीय तटरक्षक बल ने शनिवार को भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में एक संदिग्ध विदेशी नाव को जब्त किया। यह नाव द्वारका से लगभग 115 समुद्री मील पश्चिम में पाई गई। अल मुख्तार (Al Mukhtar) नाम की इस नाव पर चार ईरानी नागरिक सवार थे। तलाशी के दौरान नाव के अंदर छिपाकर रखे गए 200 कार्टन विदेशी ब्रांड की सिगरेट बरामद किए गए, जिनमें लगभग 1 लाख पैकेट शामिल थे।
200 कार्टन विदेशी ब्रांड की सिगरेट की अंतराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.5 से 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस नाव को आगे की जांच और संयुक्त पूछताछ के लिए पोरबंदर ले जाया जा रहा है। यह कार्रवाई समुद्री सुरक्षा और तस्करी रोकने के अभियान के तहत की गई है।
यह नई जब्ती कुछ दिन पहले हुई इसी तरह की हाई-स्टेक समुद्री कार्रवाई के बाद हुई है। 17 फरवरी को भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात एटीएस के साथ मिलकर समुद्र में एक अभियान चलाया। गुजरात एटीएस से मिली सूचना के आधार पर कोस्ट गार्ड रीजन (नॉर्थ वेस्ट) से एक ICG शिप, जो मल्टी-मिशन डिप्लॉयमेंट पर था, को एक विदेशी मछली पकड़ने वाली बोट को रोकने के लिए भेजा गया था, जिस पर ड्रग्स की तस्करी का शक था।
तटरक्षक बल की शिप को देखकर संदिग्ध नाव काल्पनिक IMBL की ओर भागने लगी। इसके बाद, संदिग्ध नाव को पीछा करके रोका गया, जिसमें चालक दल के दो सदस्य मौजूद थे। नाव की अच्छी तरह से तलाशी ली गई और उनमें छिपे हुए क्रिस्टलाइन कंटेंट के 203 पैकेट मिले, जिनके ड्रग्स होने का शक था। हर एक पैकेट में एक किलो पदार्थ मौजूद था।
