देश

जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और पुलिस का जॉइंट एक्शन; तलाशी अभियान में 2 संदिग्ध को दबोचा

Jammu Kashmir: भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने बांदीपुरा में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों और पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के तहत लिए गए इस एक्शन में अब तक 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान हथियार, ग्रेनेड, गोला-बारूद बरामद किए गए।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर।

भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने बांदीपुरा के गंडबल-हाजिन रोड पर एक संयुक्त अभियान में दो संदिग्धों को पकड़ा। यह अभियान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। बुधवार को चलाए गए संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों ने एक पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगजीन, दो हैंड ग्रेनेड, एक एके मैगजीन और अन्य गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।

जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के दो मददगार गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर जिले के गंदबल-हाजिन रोड पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान आतंकवादियों के दो मददगारों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से एक पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगजीन, दो ग्रेनेड, एक एके राइफल मैगजीन और कुछ गोला-बारूद बरामद किया गया। सुरक्षा के लिहाज से इस अभियान को बेहद अहम माना जा रहा है। त्यौहारों को देखते हुए इस तरह की कार्रवाई आतंकवादी सोच को नेस्तानाबूत करने में अहम साबित होगी।

मणिपुर में भी लगातार जारी है सुरक्षाबलों और पुलिस का अभियान

हाल ही में, भारतीय सेना और असम राइफल्स के जवानों ने स्पीयर कोर के तहत मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के साथ समन्वय में मणिपुर के जिरीबाम, टेंग्नौपाल, काकचिंग, उखरुल, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम के पहाड़ी और घाटी जिलों में बड़ी संख्या में अभियान चलाए।

अभियान के परिणामस्वरूप 25 हथियार, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), ग्रेनेड, गोला-बारूद और अन्य युद्ध जैसे सामान बरामद हुए। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी जिले में बंकरों को भी नष्ट कर दिया। जिरीबाम जिले के सामान्य क्षेत्र बिद्यानगर और न्यू अलीपुर गांवों में, असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ ने तीन पंप एक्शन शॉटगन, एक डबल बैरल राइफल, गोला-बारूद और युद्ध जैसे सामान बरामद किए। जबकि, तेंगनौपाल जिले के सेनाम में, दो इंसास राइफल, दो कार्बाइन, दो पिस्तौल, एक राइफल, चार इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, 13 आईईडी, ग्रेनेड, गोला-बारूद और युद्ध जैसे सामान सहित 11 हथियार बरामद किए गए।

मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है बरामद किया गया सामान

काकचिंग जिले के सामान्य क्षेत्र हंगुल में, एक कार्बाइन, एक 0.22 राइफल, एक सिंगल बैरल, एक संशोधित 0.303 राइफल, एक सिगल बैरल बोल्ट राइफल सहित पांच हथियार बरामद किए गए। इम्फाल पूर्वी जिले के मोइरांग कम्पू इलाके में असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और एक पिस्तौल, गोला-बारूद और युद्ध के सामान बरामद किए।

उखरुल जिले के थवाई कुकी/लिटन इलाके में भारतीय सेना, बीएसएफ और मणिपुर पुलिस ने चार हथियार बरामद किए। हथियारों में दो 81 एमएम मोर्टार, एक 51 एमएम मोर्टार, एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, गोला-बारूद और युद्ध के सामान शामिल हैं। बरामद सामान को आगे की जांच और निपटान के लिए मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें