विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अफगानिस्तान में आए विनाशकारी भूकंप पर शोक व्यक्त किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हुए। उन्होंने इस कठिन समय में अफगानिस्तान को भारत की सहायता का आश्वासन दिया। अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के पास आए एक शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 610 लोगों की मौत हो गई और करीब 1300 लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
X पर एक पोस्ट में, विदेश मंत्री ने कहा, 'अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में आया विनाशकारी भूकंप गहरी चिंता का विषय है। हम अफ़ग़ान लोगों के प्रति अपना समर्थन और एकजुटता व्यक्त करते हैं...भारत इस संकट की घड़ी में सहायता प्रदान करेगा। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।'
मिट्टी और पत्थर से बने पूरे के पूरे गांव ढह गए
खामा प्रेस ने तालिबान द्वारा संचालित अधिकारियों के हवाले से बताया कि कुनार प्रांत के नूर गुल, सोकी, वातपुर, मनोगी और चापा दारा ज़िले सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए। मिट्टी और पत्थर से बने पूरे के पूरे गांव ढह गए, जबकि भूस्खलन के कारण महत्वपूर्ण मार्ग कट गए और संचार व्यवस्था ठप हो गई जिससे बचाव और राहत कार्य और भी बाधित हो गए।
मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है
पूर्वी अफगानिस्तान में आए तेज भूकंप में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 6.3 तीव्रता के भूकंप ने यहां व्यापक तबाही मचाई है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के पास आए एक शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 610 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 1300 लोग घायल हो गए।
कई कस्बों को तबाह कर दिया
रविवार देर रात आए भूकंप ने पड़ोसी नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर के पास कुनार प्रांत के कई कस्बों को तबाह कर दिया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, रात 11:47 बजे आए 6.0 तीव्रता के भूकंप का केंद्र नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था।
अफगानिस्तान में भूकंप की गहराई 8 किलोमीटर
भूकंप की गहराई सिर्फ 8 किलोमीटर थी। कम गहराई वाले भूकंप अधिक नुकसान पहुंचाते हैं। कुनार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि नूर गुल, सोकी, वातपुर, मनोगी और चापादारे जिलों में कम से कम 250 लोग मारे गए और 500 अन्य घायल हुए।
