देश

US Tariff: भारत-अमेरिका फिर से बातचीत की टेबल पर...!अमेरिका के मुख्य वार्ताकार आ रहे हैं दिल्ली

US Tariff:अमेरिका के मुख्य व्यापार वार्ताकार ब्रेंडन लिंच भारत के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार वार्ता पर बातचीत के लिए भारत आने वाले हैं। वाणिज्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

Image

पीएम मोदी और ट्रंप (फाइल फोटो: PTI)

US Tariff Update: भारत, अमेरिका नए सिरे से बातचीत के ज़रिए व्यापारिक संबंधों को फिर से पटरी पर लाना चाहते हैं, वाशिंगटन के शीर्ष वार्ताकार आज रात यानी सोमवार 15 सितंबर की रात नई दिल्ली पहुंचेंगे। समझौते के पहले चरण/किश्त को 2025 की शरद ऋतु (अक्टूबर-नवंबर) तक पूरा करने के उद्देश्य से बातचीत चल रही थी, जब ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी।

अमेरिका के मुख्य व्यापार वार्ताकार ब्रेंडन लिंच के सोमवार रात तक भारत पहुंचने की संभावना है। वह अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि (दक्षिण एवं पश्चिम एशिया) हैं। प्रस्तावित व्यापार समझौते पर दोनों देशों के बीच अबतक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है। वार्ता का छठा दौर 25-29 अगस्त के बीच होना था लेकिन अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद इसे टाल दिया गया।

अधिकारी ने कहा, 'मंगलवार को होने वाली यह बातचीत छठे दौर की वार्ता से पहले की तैयारी होगी।' अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए ऊंचे शुल्क से भारत का निर्यात प्रभावित हुआ है। इस तनाव की वजह से प्रस्तावित व्यापार समझौते की प्रगति भी बाधित हुई है।दोनों देशों ने पहले सितंबर-अक्टूबर तक समझौते के पहले चरण को संपन्न करने की मंशा जताई थी।

लिंच एशिया के इस क्षेत्र के 15 देशों के साथ अमेरिका की व्यापार नीति तैयार करने और उसके क्रियान्वयन की देखरेख करते हैं। इसमें भारत-अमेरिका व्यापार नीति मंच का प्रबंधन और क्षेत्रीय भागीदारों के साथ व्यापार एवं निवेश रूपरेखा समझौतों के तहत गतिविधियों का समन्वय शामिल है।

भारत ने इन टैरिफ को 'अनुचित' बताया

यह गतिरोध को तोड़ने के लिए वाशिंगटन और नई दिल्ली द्वारा नए सिरे से प्रयास का संकेत है। ट्रंप प्रशासन द्वारा अमेरिका में प्रवेश करने वाले भारतीय सामानों पर टैरिफ लगाने के बाद से भारत और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। भारत ने इन टैरिफ को 'अनुचित' बताया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!