Gaganyaan Mission: इसरो गगनयान मिशन के दौरान 'व्योममित्र' (Vyomamitra) नामक एक महिला रोबोट को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है। अंतरिक्ष में मानव मिशन पूरा करने की तैयारी के तहत ये योजना बनाई गई है। इस मिशन के लिए पहली परीक्षण उड़ान अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में निर्धारित की गई है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अंतरिक्ष से अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर देते हुए आगामी परीक्षण उड़ान और व्योममित्र से जुड़े मिशन के बारे में जानकारी दी।
गगनयान मिशन को कोविड-19 महामारी के कारण देरी का सामना करना पड़ा था। अब होने वाली परीक्षण उड़ान इस मिशन के विकास में एक अहम चरण को पूरा करेगी। परीक्षण उड़ान के सफल होने पर इंसानों जैसे काम करने के लिए बनाई गई महिला रोबोट व्योममित्र को प्रयोग के दूसरे चरण में अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इसके आधार पर ही मानव मिशन की रूपरेखा तय होगी।
दो संस्कृत शब्दों से बना
व्योममित्र दो संस्कृत शब्दों व्योम (अंतरिक्ष) और मित्र (मित्र) से मिलकर बना है। इसरो ने 2020 में इसे एक कार्यक्रम में सार्वजनिक किया था और इसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था। व्योममित्र ने दर्शकों के सामने अपना परिचय खुद दिया था। इसने कहा था- "सभी को नमस्कार। मैं व्योममित्र हूं, हाफ-ह्यूमनॉइड का प्रोटोटाइप, जिसे पहले मानव रहित गगनयान मिशन के लिए बनाया गया था।" मिशन में भूमिका के बारे में बताते हुए इस रोबोट ने कहा था- “मैं मॉड्यूल मापदंडों की निगरानी कर सकती हूं, आपको सचेत कर सकती हूं और जीवन बचाने वाला ऑपरेशन कर सकती हूं। मैं स्विच पैनल संचालन जैसी गतिविधियां कर सकती हूं।'' रोबोट ने कहा था कि वह एक साथी भी हो सकती है और अंतरिक्ष यात्रियों से बातचीत कर सकती है, उन्हें पहचान सकती है और उनके प्रश्नों का उत्तर भी दे सकती है।
YouTube पर चंद्रायान-3 रिकॉर्ड तोड़ा
बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने लाइव स्ट्रीमिंग में एक उपलब्धि भी हासिल की है। इसरो के चंद्रयान-3 सॉफ्ट लैंडिंग के लाइव प्रसारण को वैश्विक स्तर पर YouTube पर रिकॉर्ड तोड़ 80.6 लाख दर्शकों ने लाइव देखा। ये आंकड़ा प्रमुख खेल आयोजनों के दौरान बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर गया। 2022 में ब्राजील-क्रोएशिया के बीच फुटबॉल वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल को 61 लाख दर्शकों ने देखा था। इसी तरह ब्राजील-दक्षिण कोरिया फुटबॉल विश्व कप मैच (52 लाख), वास्को-फ्लेमिंगो फुटबॉल मैच (47 लाख) और स्पेसएक्स क्रू डेमो (41 लाख) लोगों ने देखा था। लेकिन चंद्रयान-3 के लाइव प्रसारण ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
