देश

पीएम मोदी ने 'ढाका विमान दुर्घटना' में हुई मौतों पर जताया शोक, कहा-भारत हरसंभव सहायता देने को तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ढाका के दियाबारी इलाके में आज सुबह हुए बांग्लादेशी वायु सेना के प्रशिक्षण विमान हादसे में हुई दुखद मौतों पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया।

Image

'ढाका विमान दुर्घटना' में हुई मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक (फोटो:PTI)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ढाका में विमान हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ एकजुटता से खड़ा है और हरसंभव सहायता और सहयोग देने के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर कहा, 'ढाका में हवाई हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है जिनमें से कई युवा छात्र थे। हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।'

उन्होंने कहा, 'हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत बांग्लादेश के साथ एकजुटता से खड़ा है और हरसंभव सहयोग और सहायता देने के लिए तैयार है।'

बांग्लादेश वायुसेना का एक प्रशिक्षण विमान सोमवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक स्कूल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। अधिकारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि यह चीन निर्मित एफ-7 बीजीआई प्रशिक्षु विमान दोपहर ढाका के उत्तर क्षेत्र में 'माइलस्टोन स्कूल एवं कॉलेज' परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले दोपहर में बांग्लादेश वायुसेना का एफ-7 विमान ढाका में माइलस्टोन स्कूल एवं कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। डेली स्टार के अनुसार, इस घटना में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई और 171 लोग घायल हो गए। इस विमान को बांग्लादेशी वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम सागर उड़ा रहे थे, उनकी भी दुर्घटना में मौत हो गई।

मुहम्मद यूनुस ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। एक्स पर अपने शोक संदेश में यूनुस ने इस घटना को बांग्लादेश वायुसेना और अन्य प्रभावितों के लिए एक 'अपूरणीय' क्षति बताया।

यूनुस ने पोस्ट में कहा, 'मैं आज राजधानी के दियाबारी इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में बांग्लादेश वायु सेना के एफ-7 बीजेआई प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई हताहतों की दुखद घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करता हूं। वायु सेना, छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज के कर्मचारियों, साथ ही इस दुर्घटना से प्रभावित अन्य लोगों को हुई क्षति अपूरणीय है। यह राष्ट्र के लिए अत्यंत पीड़ा का क्षण है।'

'सरकार दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए आवश्यक कदम उठाएगी'

मुख्य सलाहकार ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पोस्ट में कहा गया, 'मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ और अस्पतालों सहित सभी संबंधित अधिकारियों को स्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संबोधित करने का निर्देश देता हूं। सरकार दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए आवश्यक कदम उठाएगी और सभी प्रकार की सहायता सुनिश्चित करेगी।' इस बीच, खोज और बचाव कार्यों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया दल घटनास्थल पर तैनात कर दिए गए हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article