देश

India US Trade Talk: कहां तक पहुंची भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता, सरकार ने दिया बता

India US Trade Talk: भारत ने कहा, व्यापार समझौते पर अमेरिका के साथ बातचीत सकारात्मक है और विभिन्न पहलुओं पर आगे की बातचीत जारी रहेगी। वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद कहा कि पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।

Image

पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (फाइल फोटो- AP)

India US Trade Talk: अमेरिकी वार्ता के साथ भारत की आज दिल्ली में व्यापार वार्ता हुआ। ट्रंप के भारत पर टैरिफ लगाने के बाद अमेरिकी दल सोमवार को दिल्ली पहुंचा और आज से दोनों के बीच वार्ता शुरू हुई है। आज की बातचीत खत्म होने के बाद भारत की ओर से कहा गया कि आज की बातचीत सकारात्मक रही है।

कैसी रही आज की बातचीत

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर मंगलवार को हुई बातचीत को वाणिज्य मंत्रालय ने सकारात्मक एवं दूरदर्शी करार दिया। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने आपसी लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के प्रयासों को तेज करने पर सहमति जताई। भारतीय पक्ष का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने किया जबकि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सहायक व्यापार प्रतिनिधि (दक्षिण एवं पश्चिम एशिया) ब्रेंडन लिंच ने किया। लिंच इस बातचीत में हिस्सा लेने के लिए सोमवार शाम को नयी दिल्ली पहुंचे थे।

कई घंटे चली मीटिंग

मंगलवार को दोनों पक्षों ने प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। यह चर्चा पूरे दिन चली और इसके बाद मंत्रालय ने बयान जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि बातचीत रचनात्मक रही और आगे के लिए ठोस आधार तैयार हुआ है।

अमेरिका ने क्या कहा

अमेरिका ने मंगलवार को कहा कि उसके मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच और भारत के वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर हुई बातचीत सकारात्मक रही। भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा कि दोनों पक्षों ने नयी दिल्ली में आयोजित एक-दिवसीय बैठक के दौरान व्यापार वार्ता के अगले कदमों पर चर्चा की। दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा, “अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच ने 16 सितंबर को नयी दिल्ली में वाणिज्य मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल से मुलाकात की। बैठक में द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के अगले चरणों पर चर्चा हुई।”

अबतक पांच दौर की हो चुकी है वार्ता

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर अब तक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है। शुल्क संबंधी तनाव के चलते अगस्त के अंतिम सप्ताह में होने वाली छठे दौर की वार्ता स्थगित हो गई थी। लिंच के साथ अग्रवाल की यह बातचीत व्यापार वार्ता को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश मानी जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारतीय उत्पादों पर अगस्त में 50 प्रतिशत तक शुल्क लगा दिए जाने के बाद व्यापार समझौता अधर में लटक गया था। हालांकि पिछले हफ्ते ट्रंप के सकारात्मक बयान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुकूल रुख ने इस गतिरोध को दूर करने के लिए माहौल तैयार करने का काम किया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article