IAF Multirole Transport Aircrafts: भारतीय वायुसेना को और मजबूत करने की तैयारी चल रही है। ऐसे में वायुसेना के पुराने पड़ चुके मालवाहक विमानों के बेड़े को बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को वायुसेना के लिए 60 मल्टीरोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट (MTA) खरीदने के लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह टेंडर कई भारतीय कंपनियों को जारी किया गया है। इनमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), टाटा और महिंद्रा प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में भारतीय कंपनियों की अग्रणी भूमिका होगी।
महिंद्रा डिफेंस ने ब्राजील की कंपनी एम्ब्रेयर (Embraer) के साथ साझेदारी की है और वह C-390 मिलेनियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की पेशकश करेगी, जबकि टाटा अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन के साथ मिलकर C-130 विमान की पेशकश करेगी, जो पहले से भी भारतीय वायुसेना में विशेष अभियानों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत लगभग 20 फीसदी विमान सीधे उड़ान भरने की स्थिति में भारतीय वायुसेना में शामिल होंगे, जबकि बाकी बचे विमानों का निर्माण भारत में ही 60 फीसदी से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ किया जाएगा।
सुपर हरक्यूलिस विमान
भारतीय वायुसेना के बेड़े में पहले से ही 12 C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान मौजूद हैं। इसके अलावा, वायुसेना एयरबस के साथ मिलकर C-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट कार्यक्रम पर भी काम कर रही है। लगभग 70 C-295 विमान वायुसेना में शामिल किए जाने हैं, जिनमें से अधिकांश विमान देश में ही बनेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अंतरिक्ष में शान से लहराया तिरंगा, स्पेस स्टेशन से रूसी कॉस्मोनॉट्स ने भारत को किया सलाम; स्वतंत्रता दिवस की दी बधाई
राफेल विमानों की भी हो रही खरीद
भारतीय वायुसेना ने अपनी आधुनिकीकरण योजना के तहत पहले ही 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया है। इसके अलावा वायुसेना 100 से अधिक ट्रेनर विमानों को शामिल करने की योजना पर भी विचार कर रही है। इनका इस्तेमाल पुराने हॉक जेट ट्रेनरों को बदलने और लड़ाकू पायलटों के प्रशिक्षण की क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
टैंकर की भूमिका में भी इस्तेमाल हो सकते हैं MTA विमान
भारतीय वायुसेना मल्टीरोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल महज सैनिकों और अन्य सैन्य उपकरणों को तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए ही नहीं, बल्कि हवा में विमानों में ईंधन भरने वाले एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग टैंकर के तौर पर भी कर सकती है।
