देश

नई दिल्ली में भारत-चीन की 36वीं WMCC बैठक, LAC पर स्थिति की समीक्षा, सीमा प्रबंधन व नदियों के डेटा साझा करने पर हुई विस्तृत चर्चा

LAC Situation Review: भारत और चीन के बीच नई दिल्ली में 36वीं WMCC वार्ता आयोजित हुई। बैठक में एलएसी की स्थिति, सीमा प्रबंधन, सीमा निर्धारण और नदियों के आंकड़े साझा करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Image

नई दिल्ली में भारत-चीन की 36वीं WMCC बैठक, LAC पर स्थिति की समीक्षा, सीमा प्रबंधन व नदियों के डेटा साझा करने पर हुई विस्तृत चर्चा

India China WMCC Talks 2026: भारत और चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर समग्र स्थिति की समीक्षा की तथा सीमा निर्धारण, सीमा प्रबंधन और सीमा पार सहयोग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने भारत और चीन के बीच नयी दिल्ली में हुई राजनयिक वार्ता के एक दिन बाद शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

मंत्रालय ने कहा, 'दोनों पक्षों के बीच स्पष्ट चर्चा हुई तथा एलएसी पर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।' यह वार्ता भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय के लिए कार्य तंत्र (WMCC) के ढांचे के तहत आयोजित की गई।

विदेश मंत्रालय ने कहा, 'दोनों पक्ष एलएसी पर लंबित मुद्दों के समाधान तथा किसी भी प्रकार की गलतफहमी और स्थिति के गलत आकलन से बचने के लिए डब्ल्यूएमसीसी, स्थानीय कमांडर स्तर की बैठकों और अन्य सहमत तंत्रों सहित मौजूदा राजनयिक एवं सैन्य माध्यमों का उपयोग जारी रखने पर सहमत हुए।'

बयान में कहा गया है कि विशेष प्रतिनिधियों की पिछली बैठक में हुए निर्णयों के अनुपालन के तहत दोनों पक्षों ने सीमा निर्धारण, सीमा प्रबंधन, विभिन्न तंत्रों को मजबूत करने तथा सीमा पार सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

सीमा पार नदियों से संबंधित जानकारी पर होगी अगली बैठक

मंत्रालय ने कहा कि भारतीय पक्ष ने सीमा पार नदियों से संबंधित विशेषज्ञ-स्तरीय तंत्र की अगली बैठक शीघ्र आयोजित करने की आवश्यकता दोहरायी। साथ ही, ऊपरी धारा में चल रही परियोजनाओं से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा करने के महत्व पर भी जोर दिया। बता दें कि इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया) सुजीत घोष ने किया। वहीं, चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों के विभाग की महानिदेशक होउ यानकी ने किया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article