India-China Corps Commander Level Meeting: भारत-चीन कोर कमांडर स्तर की 23वीं बैठक 25 अक्टूबर 2025 को चुशुल-मोल्दो मीटिंग प्वाइंट पर आयोजित की गई। 19 अगस्त 2025 को आयोजित विशेष प्रतिनिधि वार्ता के 24वें दौर के बाद से पश्चिमी क्षेत्र में जनरल स्तरीय तंत्र की यह पहली बैठक थी। बातचीत मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई।
अक्टूबर 2024 में हुई थी पिछली बैठक
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने अक्टूबर 2024 में आयोजित कोर कमांडर स्तर की 22वें दौर की बैठक के बाद से हुई प्रगति पर ध्यान दिया और यह विचार साझा किया कि भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखा गया है। दोनों पक्ष स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमा पर किसी भी जमीनी मुद्दे को हल करने के लिए मौजूदा तंत्र का उपयोग जारी रखने पर सहमत हुए।
चीन की ओर से बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने चीन-भारत सीमा के पश्चिमी हिस्से के प्रबंधन पर सक्रिय और गहन बातचीत की। चीनी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निर्णय के अनुसार संवाद और बातचीत जारी रखने का फैसला किया है।
बयान में कहा गया है, वे दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति के मार्गदर्शन में सैन्य और राजनयिक माध्यमों से संवाद और बातचीत जारी रखने और चीन-भारत सीमा क्षेत्रों में शांति और सौहार्द की संयुक्त रूप से रक्षा करने पर सहमत हुए।
2020 गलवान घाटी संघर्ष के बाद निम्न स्तर पर पहुंचे संबंध
भारत और चीन के बीच 2020 का गलवान घाटी गतिरोध 40 वर्षों में सबसे भीषण सीमा संघर्ष था, जिसमें दोनों पक्षों के कई सैनिकों की जान चली गई थी। इस घटना ने तनाव को तेजी से बढ़ा दिया और द्विपक्षीय संबंधों को ऐतिहासिक रूप से निम्न स्तर पर ला दिया था। हालांकि, 2024 में 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान कजान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक के बाद से दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार हो रहा है।
इससे पहले अगस्त में भारत और चीन ने सीमा प्रश्न पर विशेष प्रतिनिधियों की 24वें दौर की वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कई उपायों पर सहमति जताई जिसमें भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र (WMCC) के तहत एक कार्य समूह की स्थापना भी शामिल है, ताकि भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी सीमा प्रबंधन को आगे बढ़ाया जा सके। वे इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सिद्धांतों और तौर-तरीकों से शुरुआत करते हुए, तनाव कम करने पर चर्चा करने के लिए राजनयिक और सैन्य स्तरों पर सीमा प्रबंधन तंत्र का उपयोग करने पर सहमत हुए।
