देश

Jharkhand News: इंडिया गठबंधन ने BJP को झारखंड में सरकार गिराने से रोका, राहुल गांधी ने किया दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 3, 2024, 11:00 AM IST

Rahul vs BJP in Jharkhand : राहुल ने आरोप लगाया कि देश भर में बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है और कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत में युवाओं को रोजगार मिलना असंभव है।

Image

राहुल गांधी की न्याय यात्र

Photo : PTI

Rahul Gandhi Attack on BJP over Jharkhand government: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार को झारखंड में प्रवेश कर गई। राज्य में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों द्वारा चुनी गई झारखंड सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की, लेकिन इंडिया गठबंधन उसकी साजिश के खिलाफ खड़ा हो गया और उसे सफल नहीं होने दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी मौजूद थे और उन्होंने राहुल गांधी का स्वागत किया।

राहुल बोले, बीजेपी से नहीं डरती कांग्रेस

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास धन बल और जांच एजेंसियां हैं, लेकिन कांग्रेस और वह उनसे डरते नहीं हैं तथा उनकी विभाजनकारी विचारधारा के खिलाफ लड़ते रहेंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जहां पिछली भारत जोड़ो यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे के खिलाफ थी, वहीं मौजूदा यात्रा देश के लोगों के लिए न्याय मांग रही है। राहुल ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर उस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जिसे झारखंड के लोगों ने चुना है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन भाजपा की साजिश के खिलाफ खड़ा हुआ और उसे सफल नहीं होने दिया।

कहा- देश भर में बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है

राहुल ने आरोप लगाया कि देश भर में बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है और कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत में युवाओं को रोजगार मिलना असंभव है। राहुल गांधी ने छोटे और मध्यम उद्योगों के नुकसान के लिए मोदी सरकार की नोटबंदी नीति और त्रुटिपूर्ण जीएसटी लागू किए जाने को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ये देश में रोजगार सृजन की रीढ़ हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि इस समय देश में बेरोजगारी की दर पिछले 40 वर्षों में सबसे अधिक है। उन्होंने झारखंड के लोगों को न्याय यात्रा में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि वह उनकी चिंताओं को सुनेंगे।

अपने मन की बात नहीं करते...

कांग्रेस नेता ने कहा, हम आपके मन की बात सुनते हैं, अपने मन की बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि यह न्याय यात्रा किसानों, युवाओं और हाशिए पर रह रहे अन्य लोगों के लिए आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और न्याय की मांग के लिए है। झारखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी जनसभा को संबोधित किया और न्याय यात्रा को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया था। राहुल नीत भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में दो चरणों में आठ दिन तक चलेगी और 13 जिलों से गुजरेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article