Parliament Session: विपक्षी इंडी गठबंधन के कई घटक दलों के सांसदों ने बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ शुक्रवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए।
विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर भी ले रखा था, जिस पर ‘एसआईआर- लोकतंत्र पर वार’ लिखा हुआ था। उन्होंने ‘एसआईआर वापस लो’ और 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाये। विपक्षी सांसदों की मांग है कि इस विषय पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।
खरगे ने क्या कुछ कहा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार गरीबों का मताधिकार छीनना और कुछ अभिजात्य लोगों को ही मताधिकार देना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम से लोकतंत्र का नुकसान होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार संविधान के तहत काम नहीं कर रही है।
'मनमानी कर रहा चुनाव आयोग'
सपा सांसद डिंपल यादव ने चुनाव आयोग पर मनमानी करने का और सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष एकजुट है, क्योंकि कहीं न कहीं हम सभी देख सकते हैं कि चुनाव आयोग मनमानी कर रहा है और सरकार के निर्देशों पर काम कर रहा है। यह सरकार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट कर रही है... अगर चुनाव आयोग को यह करना ही था तो उसे पहले करना चाहिए था। वे चुनाव से ठीक पहले ऐसा क्यों कर रहे हैं? लगभग 50 लाख मतदाता प्रभावित होंगे और पूरी प्रक्रिया में कोई पारदर्शिता नहीं है।
कमल हासन ने ली सांसद पद की शपथ
अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए कमल हासन ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। वह उच्च सदन में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करेंगे। सुबह 11 बजे बैठक शुरू होने पर मक्कल निधि मय्यम (MNM) प्रमुख कमल हासन तथा द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की राजाथी, एस आर शिवलिंगम और पी विल्सन को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई गई। इन सभी ने तमिल में शपथ ली।
सफेद रंग की शर्ट और काली पैंट पहने कमल हासन का सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपा कर स्वागत किया। उन्हें हाल में राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। पी विल्सन का उच्च सदन में यह दूसरा कार्यकाल होगा। हासन, राजाथी, एस आर शिवलिंगम तथा पी विल्सन उच्च सदन में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करेंगे। गुरुवार को तमिलनाडु के छह सदस्यों का उच्च सदन में कार्यकाल पूरा हो गया था।
