देश

राहुल गांधी के नेतृत्व में सोमवार को INDIA ब्लॉक का बड़ा प्रदर्शन, 300 सांसद के साथ EC मुख्यालय तक करेंगे मार्च, रात में खरगे का रात्रिभोज

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ के घटक दलों के सांसदों के लिए सोमवार को रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। इससे पहले दिन में राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक 300 सांसदों के साथ मार्च निकालेगा।

Image

वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग तक विपक्ष निकालेगा मार्च (फाइल फोटो- ANI)

दिल्ली में सोमवार, 11 अगस्त को विपक्ष के INDIA ब्लॉक द्वारा एक बड़ा विरोध मार्च आयोजित करने जा रहा है। सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में यह मार्च संसद भवन से निकलकर चुनाव आयोग (Election Commission) कार्यालय तक जाएगा। विपक्षी गठबंधन का यह मार्च उन कथित वोट चोरी को लेकर है, जिसका खुलासा कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने किया था।

करीब 300 विपक्षी सांसद होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार सुबह 11:30 बजे राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के करीब 300 सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग दफ्तर तक पैदल मार्च करेंगे। यह दूरी लगभग 1 किलोमीटर है। विपक्षी सांसदों ने तीनों चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए समय मांगा है। इस मार्च में लोकसभा और राज्यसभा के विपक्षी सांसद शामिल होंगे।

रात में खरगे का रात्रिभोज

सूत्रों ने बताया कि उसी दिन राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे चाणक्यपुरी स्थित होटल ताज पैलेस में ‘इंडिया’ के घटक दलों के सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। कुछ दिन पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रात्रिभोज पर बैठक की थी और बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण, ‘भाजपा-निर्वाचन आयोग’ के ‘‘वोट चोरी के तरीके’’ के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया था।

राहुल का अभियान

राहुल गांधी के चुनाव में धांधली के दावों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस ने लोगों के लिए एक वेब पोर्टल शुरू किया है, जिसमें वे पंजीकरण करा सकते हैं और निर्वाचन आयोग से “वोट चोरी” के खिलाफ जवाबदेही की मांग कर सकते हैं, तथा डिजिटल मतदाता सूची की मांग के प्रति समर्थन व्यक्त कर सकते हैं। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट कर कहा, “वोट चोरी ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए साफ-सुथरी मतदाता सूची अनिवार्य है। निर्वाचन आयोग से हमारी मांग साफ है - पारदर्शिता दिखाएं और डिजिटल मतदाता सूची सार्वजनिक करें, ताकि जनता और राजनीतिक दल उसका खुद ‘ऑडिट’ कर सकें।’’ गांधी ने लोगों से संबंधित वेबलिंक पर पंजीकरण कराकर इस मांग का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘ये लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article