देश

S-400 से S-500 तक, प्रोजेक्ट कुशा भी तैयार... भारत कैसे बना रहा अभेद्य एयर डिफेंस कवच?

पाकिस्तान और चीन के हवाई खतरों से निपटने के लिए भारत S-400 के बाद अतिरिक्त S-400, रूसी S-500 और स्वदेशी 'प्रोजेक्ट कुशा' के जरिए मल्टी-लेयर एयर डिफेंस कवच बना रहा है।

Image

भारत का नया एयर डिफेंस प्लान (AI Photo)

नई दिल्ली, 27 नवंबर: पाकिस्तान और चीन से हवाई खतरों से निपटने के लिए भारत अपने एयर डिफेंस नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रहा है। S-400 की तैनाती के बाद अब भारत की नजर अतिरिक्त S-400 सिस्टम, रूस के अत्याधुनिक S-500 और स्वदेशी Project Kusha पर है। मकसद है देश की सीमाओं को एक ऐसा मल्टी-लेयर एयर डिफेंस कवच देना, जो दुश्मन के लड़ाकू विमानों, ड्रोन और मिसाइल हमलों को हवा में ही रोक सके।

पश्चिमी और पूर्वी सीमाओं पर S-400 की तैनाती

भारत के पास फिलहाल चार S-400 सिस्टम हैं। इनमें से तीन पाकिस्तान से लगी पश्चिमी सीमा पर तैनात हैं, जबकि चौथे सिस्टम को असम में तैनात किया गया है। इससे चीन से लगी सीमा और पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई सुरक्षा को मजबूती मिली है। अब भारत पांचवें S-400 सिस्टम की तैनाती की तैयारी कर रहा है। इसे फरवरी 2027 तक जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से लगी LoC के आसपास तैनात किए जाने की संभावना है। इससे इस संवेदनशील क्षेत्र में हवाई खतरों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।

रूस से पांच और S-400 खरीदने की तैयारी

भारत रूस से पाँच अतिरिक्त S-400 सिस्टम खरीदने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। इस संभावित सौदे की कीमत 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। अगर यह डील फाइनल होती है, तो भारत का एयर डिफेंस नेटवर्क और मजबूत होगा और पश्चिमी तथा उत्तरी सीमाओं पर सुरक्षा की कई परतें तैयार की जा सकेंगी।

S-500 पर रूस का प्रस्ताव

भारत के सामने अब रूस के S-500 'प्रोमेथियस' एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम का विकल्प भी है। रूस की ओर से इस सिस्टम के साथ टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और तकनीकी सहयोग का प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा है।

S-500 की सबसे बड़ी खासियत बैलिस्टिक मिसाइलों, बेहद तेज गति से आने वाले हवाई खतरों और अधिक ऊंचाई पर मौजूद लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता है। इसे S-400 से भी अधिक उन्नत एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम माना जाता है।

प्रोजेक्ट कुशा: भारत का अपना स्वदेशी एयर डिफेंस कवच

विदेशी सिस्टम के साथ-साथ भारत अपनी स्वदेशी तकनीक पर भी काम कर रहा है। DRDO का प्रोजेक्ट कुशा इसी रणनीति का अहम हिस्सा है। इसका लक्ष्य लंबी दूरी तक दुश्मन के लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और अन्य हवाई खतरों को रोकने वाला स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम तैयार करना है।

इस परियोजना के तहत तीन तरह के इंटरसेप्टर विकसित किए जा रहे हैं।

  1. M1 इंटरसेप्टर: लगभग 150 किलोमीटर की मारक क्षमता।
  2. M2 इंटरसेप्टर: लगभग 250 किलोमीटर की मारक क्षमता।
  3. M3 इंटरसेप्टर: लगभग 350 से 400 किलोमीटर तक की संभावित मारक क्षमता।

इसी साल 23 जुलाई को Project Kusha का पहला सफल उड़ान परीक्षण किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद M2 और M3 इंटरसेप्टर के विकास और परीक्षण की दिशा में आगे बढ़ने की योजना है। इस सिस्टम को 2028 से 2030 के बीच चरणबद्ध तरीके से सेना में शामिल करने का लक्ष्य बताया जा रहा है।

भारत की रणनीति: विदेशी तकनीक के साथ स्वदेशी ताकत

भारत की तैयारी सिर्फ S-400 या S-500 तक सीमित नहीं है। एक तरफ रूस से अत्याधुनिक एयर डिफेंस तकनीक हासिल करने की कोशिश है, तो दूसरी तरफ प्रोजेक्ट कुशा के जरिए स्वदेशी क्षमता विकसित की जा रही है।

अगर ये योजनाएं तय समय पर आगे बढ़ती हैं, तो भारत को पाकिस्तान और चीन दोनों मोर्चों पर हवाई और मिसाइल हमलों से निपटने के लिए मजबूत मल्टी-लेयर सुरक्षा मिल सकती है। साथ ही रडार, इंटरसेप्टर मिसाइल और कमांड सिस्टम के क्षेत्र में विदेशी निर्भरता भी कम होगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article