शहर

MP News: CM मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी सौगात, सीप अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना हुई शुरू

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज सीहोर में किसानों को 536.23 करोड़ रुपये की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना की सौगात दी। इससे 76 गांवों के किसानों को फायदा मिलेगा।

Image

CM डॉ. मोहन यादव ने हजारों किसानों को दी सौगात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज यानी शुक्रवार, 27 नवंबर को सीहोर जिले में किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया। इस परियोजना से बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों में 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे 8 हजार से ज्यादा किसानों को सीधा लाभ होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें पांच सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। वहीं, गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया।

नर्मदा के पानी से होगी सिंचाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से अब नर्मदा नदी का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचेगा। इससे उन किसानों को राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों को पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, साल 2023 तक मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया था। पिछले ढाई वर्षों में इसमें 20 लाख हेक्टेयर की और वृद्धि हुई है। अब राज्य में 60 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है। राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है।

दूध उत्पादन में राज्य को नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सिर्फ खेती पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, बकरी पालन और कुक्कुट पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मध्य प्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार इसे पहले स्थान पर लाना चाहती है।

उन्होंने बताया कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ हुए समझौते के बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपये तक की बढ़ोतरी का लाभ मिलने लगा है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय हर महीने 1,000 रुपये की सहायता देने का भी निर्णय लिया गया है।

शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन किया

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीहोर और बुधनी क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों के लिए यह परियोजना उनकी तकदीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब कल्याण के साथ प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article