देश

परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की तैयारी

सरकार ने इससे पहले अप्रैल में भी परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक संसद में पेश किया था, लेकिन लोकसभा में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था।

Image

मोदी कैबिनेट

Photo : PTI

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी गई। इस विधेयक के जरिए सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करना चाहती है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी।

संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को मंजूरी दी है।

सरकार का दावा है कि इस बदलाव से दक्षिण भारतीय राज्यों की उन चिंताओं को दूर किया जा सकेगा, जिन्हें परिसीमन के बाद संसद में अपना प्रतिनिधित्व कम होने का डर है। नए प्रस्ताव में 2051 तक सीटों की संख्या पर रोक लगाने की बात भी कही गई है। सरकार इस विधेयक को अगले सप्ताह संसद के विशेष सत्र में पेश कर सकती है।

विधेयक में किए गए हैं संशोधन

नए विधेयक में सबसे बड़ा बदलाव राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर किया गया है। पहले परिसीमन के बाद आबादी के आधार पर राज्यों की सीटों में बदलाव की आशंका जताई जा रही थी। खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों को डर था कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद संसद में उनका प्रतिनिधित्व घट सकता है।

प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें हो सकती हैं। साथ ही 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

2011 की जनगणना के आधार पर होगा परिसीमन

नए विधेयक में बढ़ाई गई सीटों के नए सिरे से निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने राज्यों की सीटों की मौजूदा संख्या में बदलाव किए बिना संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने का प्रस्ताव रखा है। सत्तापक्ष का कहना है कि इस कदम से 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा।

2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी

साल 2023 में संसद ने महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए संविधान संशोधन किया था। हालांकि, इसका क्रियान्वयन जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। अब सरकार नए विधेयक के जरिए इस आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण का रास्ता तैयार किया जा रहा है।

अप्रैल में गिर चुका है विधेयक, अब दोबारा संसद में होगी परीक्षा

सरकार ने इससे पहले अप्रैल में भी परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक संसद में पेश किया था, लेकिन लोकसभा में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था।

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए क्या है प्रावधान

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है। सरकार का दावा है कि इस बार उसके पास पर्याप्त संख्या बल है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके, एनसीपी और बीआरएस जैसे दलों के समर्थन की उम्मीद है, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए शनिवार को बैठक करेगा।

सरकार ने बुलाया है संसद का विशेष सत्र

बता दें कि सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र आहूत किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, "जब सरकार कोई सत्र या विशेष सत्र आहूत करती है, तो इसका मतलब होता है कि देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण विधेयक (पारित करना) या कामकाज होना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article