देश

Ind Vs Aus Semi Final: फाइनल में बेटियां! 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराने पर गदगद देश, बधाइयों की लगी झड़ी

वूमेन्स वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर नया इतिहास रच दिया। 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने पहली बार इतनी बड़ी जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। इस यादगार जीत पर देशभर के नेताओं और प्रशंसकों ने टीम को बधाई दी और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

Image

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर महिला विश्व कप फाइनल में जगह बनाई (फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

India vs Australia Women World Cup: वूमेन्स वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर नया इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की> यह उपलब्धि महिला क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हासिल हुई है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उसका मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा।

भारत की जीत में जेमिमा रोड्रिग्स ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार शतक जमाया और आखिर तक डटी रहीं, जिससे टीम को जीत दिलाई। उनकी पारी ने ऑस्ट्रेलिया के मजबूत पकड़ वाले मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया, जो अब तक टूर्नामेंट में अपराजित थी, को सात बार की चैंपियन होने के बावजूद भारत के सामने हार झेलनी पड़ी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने फोबे लिचफील्ड के 119 रनों की शानदार पारी के दम पर 50वें ओवर में 338 रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम ने नौ गेंदें शेष रहते हुए यह लक्ष्य हासिल कर लिया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी बधाइयां

इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर से दिग्गज खिलाड़ियों, नेताओं और प्रशंसकों ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं भी दीं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट पर लिखा कि, "भारत के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है! हमारी बहादुर ‘वुमेन इन ब्लू’ ने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को मात देकर घरेलू सरजमीं पर वुमेन्स वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। यह ऐतिहासिक जीत उनके समर्पण, प्रतिभा और जुझारूपन की शानदार मिसाल है। टीम इंडिया को हार्दिक शुभकामनाएं और फाइनल के लिए ढेर सारी बधाइयां!"

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बताया जीत को शानदार

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि, "महिला विश्वकप के सेमीफाइनल में देखा गया यह रन चेज वास्तव में अब तक के सबसे रोमांचक और यादगार पलों में से एक था। भारतीय महिला टीम के शानदार प्रदर्शन ने सबका दिल जीत लिया है। आज ‘वुमेन इन ब्लू’ पर पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है। यह जीत सचमुच ऐतिहासिक रही, अब सबकी निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं!"

टीम इंडिया को सलाम - आंध्र प्रदेश सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अपनी पोस्ट में लिखा कहा कि, "टीम इंडिया को सलाम! देश की महिला क्रिकेट टीम पर गर्व है, जिसने ऑस्ट्रेलिया को हराकर शानदार अंदाज में वुमेन्स वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर को विशेष सराहना, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में पहली बार 300 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यादगार पारी खेली। ऐसे ही जीत की राह पर आगे बढ़ते रहें — पूरा देश आपके साथ है!"

इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय महिला टीम को देशभर से बधाइयों की बाढ़ आ गई। कई दिग्गज क्रिकेटरों ने टीम की शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, आर. अश्विन और युवराज सिंह जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया पर टीम की सराहना करते हुए गर्व जताया।

बता दें कि, लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत कमजोर रही। महज 13 रन के कुल स्कोर पर शेफाली वर्मा 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। जल्द ही 46 रन पर स्मृति मंधाना (24) का विकेट भी गिर गया। टीम दबाव में थी, लेकिन यहीं से कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्स ने मोर्चा संभाला।

दोनों बल्लेबाज़ों ने शानदार जिम्मेदारी दिखाते हुए तीसरे विकेट के लिए 156 गेंदों में 167 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। यह वर्ल्ड कप इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई। हरमन के आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी और रन गति बनाए रखी।

पारी के आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने दो छक्कों और दो चौकों की मदद से भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया। अंत में अमनजोत कौर ने 8 गेंदों में नाबाद 15 रन ठोकते हुए चौके के साथ मैच खत्म किया और भारत को यादगार जीत दिलाई।

इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। अब 2 नवंबर को फाइनल में उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। यह तय है कि इस बार महिला वनडे वर्ल्ड कप को एक नया चैंपियन मिलेगा। मैच के बाद जेमिमा और हरमन दोनों बेहद भावुक नजर आईं दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article