देश

बीजेपी के मॉडल में पैसा चुनिंदा अमीरों के हाथ में, लेकिन कांग्रेस गरीबो को देती है...बोले राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, आज कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार को 2 साल पूरे हुए हैं। हमने चुनाव के समय कर्नाटक की जनता से वादे किए थे। हमने जनता को 5 गारंटी दी थीं।

Image

राहुल गांधी का बीजेपी पर निशाना

Photo : PTI

Rahul Gandhi in Karnataka: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में अपनी पार्टी की सरकार के दो साल पूरा होने के मौके पर उसकी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय जिन पांच गारंटी का वादा किया गया था, उन्हें पूरा किया गया है। उन्होंने समर्पण संकल्प रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी चाहती है कि धन और संसाधन चुनिंदा अमीर लोगों के पास जाएं, जबकि कांग्रेस चाहती है कि धन गरीबों के पास जाए।

राहुल बोले- जनता से किए वादे पूरे हुए

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, आज कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार को 2 साल पूरे हुए हैं। हमने चुनाव के समय कर्नाटक की जनता से वादे किए थे। हमने जनता को 5 गारंटी दी थीं। तब नरेंद्र मोदी और भाजपा के लोगों ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ये काम नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि पहली गारंटी गृहलक्ष्मी योजना के तहत 2,000 रुपये प्रति महीना एक करोड़ महिलाओं को दिए जा रहे हैं।

गिनाईं सरकार की योजनाएं

राहुल ने कहा, आज मैं ख़ुशी से कह सकता हूं कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार करोड़ों महिलाओं के खाते में पैसा डालती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि दूसरी गारंटी गृह ज्योति के तहत करोड़ों परिवारों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। हमने जनता को दिया ये वादा भी पूरा किया। तीसरी गारंटी अन्न भाग्य योजना के तहत चार करोड़ लोगों को 10 किलो अनाज दिया जा रहा है। आज कर्नाटक में करोड़ों परिवारों को इस योजना से अनाज मिलता है।

उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि चौथी गारंटी शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है तथा इसके जरिये तकरीबन 500 करोड़ बस ट्रिप कर्नाटक सरकार द्वारा मुफ्त दी गई हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पांचवी गारंटी युवा निधि के तहत कांग्रेस सरकार राज्य के तीन लाख युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र लाभार्थियों को एक लाख से अधिक भूमि-पट्टों का वितरण कांग्रेस सरकार द्वारा पूरी की गई छठी गारंटी है। (पीटीआई इनपुट)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article