देश

मानसून ने पकड़ी रफ्तार: महाराष्ट्र, केरल, बंगाल और ओडिशा में रेड अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

Image

मानसून का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगह जलभराव, सड़क धंसने, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आईं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

महाराष्ट्र में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें धंस गईं, पेड़ गिर गए और कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा। शहर के निचले इलाकों में जलभराव होने से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, जबकि पश्चिमी रेलवे की पटरियों पर पानी भरने से लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा।

स्थिति को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने एहतियात के तौर पर दोपहर बाद स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी। पालघर जिले में बाढ़ के पानी में बह जाने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों से 180 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

केरल में बांधों के गेट खुले, तटीय इलाकों में चेतावनी

केरल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इडुक्की जिले में जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पाम्बला बांध के गेट खोल दिए।

इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) ने कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड के तटीय इलाकों में ऊंची लहरों और समुद्री कटाव की चेतावनी जारी की है। वहीं, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

बंगाल और ओडिशा में रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

ओडिशा में कंधमाल, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर जिलों के लिए रेड वॉर्निंग जारी की गई है। इसके अलावा आठ अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है। समुद्र की खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को सात जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

गुजरात, राजस्थान और पंजाब में भी बारिश

गुजरात में मानसून सक्रिय बना हुआ है। जूनागढ़ में अत्यधिक बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने मछुआरों को आठ जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

राजस्थान के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूंबर और उदयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पंजाब के पटियाला, संगरूर और रूपनगर में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों में मानसून पूरे पंजाब और हरियाणा में सक्रिय हो सकता है।

दिल्ली और हिमाचल में भी बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून पहुंचने के दो दिन बाद कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने मंडी, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।

अरुणाचल में राहत

अरुणाचल प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद बाढ़ की स्थिति में सुधार देखने को मिला है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार के बाद किसी नई जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। केवल केयी पन्योर जिले में बाढ़ की एक नई घटना दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन की सलाह का पालन करने और नदी-नालों तथा समुद्र के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article