देश

'मैं मुंबई आ रहा...हिम्मत है तो मेरे पैर काटिए'; राज ठाकरे ने कहा 'रसमलाई' तो भड़क गए अन्नामलाई, दे डाली चुनौती

चेन्नई में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने राज ठाकरे के खिलाफ सीधे सियासी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं यहां तक कि कुछ लोगों ने उनके पैर काट देने तक की बात कही है। अन्नामलाई ने दो टूक कहा कि उन्हें डराकर चुप कराने की कोशिशें नाकाम होंगी।

राज ठाकरे और के अन्नामलाई में वार-पलटवार।

राज ठाकरे और के अन्नामलाई में वार-पलटवार।

महाराष्ट्र में बीएमसी के चुनाव से पहले राज्य का सियासी पारा हाई हो गया है। वहां नेताओं में बात अब राजनीतिक कटाक्ष से बहुत आगे बढ़कर निजी वार-पलटवार पर आ गई है। मनसे के प्रमुख राज ठाकरे ने भाजपा नेता के अन्नामलाई को 'रसमलाई' कहकर उनका मजाक उड़ाया है। जिसपर अन्नामलाई भड़क गए हैं। अन्नामलाई ने उन्हें दो टूक जवाब देते हुए कहा कि वे मुंबई आ रहे हैं और अगर हिम्मत है तो वे उन्हें देश की आर्थिक राजधानी में घुसने से रोककर दिखाएं।

अन्नामलाई ने किया पलटवार

चेन्नई में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी राज ठाकरे के खिलाफ सीधे सियासी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, यहां तक कि कुछ लोगों ने उनके पैर काट देने तक की बात कही है। अन्नामलाई ने दो टूक कहा कि उन्हें डराकर चुप कराने की कोशिशें नाकाम होंगी। उन्होंने तीखे शब्दों में पूछा कि आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे मुझे धमकी देने वाले कौन होते हैं? मैं किसान का बेटा हूं और इस पर मुझे गर्व है।

अन्नामलाई ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि सोशल मीडिया और संदेशों में उन्हें चेताया गया है, अगर वे मुंबई आए तो उनके पैर काट दिए जाएंगे। तो इस पर मेरा जवाब है कि मैं मुंबई आऊंगा… हिम्मत है तो काटकर दिखाओ। अगर मैं धमकियों से डरता होता तो अपने गांव से बाहर ही नहीं निकलता।”

K Annamalai

के अन्नामलाई।

क्या बोले थे राज ठाकरे?

इससे पहले, मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस की संयुक्त रैली में एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई को नाम लिए बिना निशाने पर लिया था। मंच से ठाकरे ने कहा, “कुछ दिन पहले तमिलनाडु से एक ‘रसमलाई’ मुंबई आया है। तुम्हारा यहां क्या लेना-देना है? हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी। मनसे प्रमुख के इस बयान के बाद मनसे समर्थकों ने भी अन्नामलाई को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर अन्नामलाई मुंबई आए तो उनके पैर काट दिए जाएंगे।

राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे

राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे

'हिंदी थोपी गई तो लात मारकर निकाल देंगे'

वहीं, शनिवार को राज ठाकरे ने अन्नामलाई के उस बयान पर भी वार किया था जिसमें उन्होंने मुंबई को 'अंतरराष्ट्रीय शहर' करार दिया था। ठाकरे ने इसे मराठी अस्मिता और स्थानीय अधिकारों पर हमला बताया था। उन्होंने इस दौरान भी अपने चाचा बालासाहेब ठाकरे के पुराने नारे 'हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी' को दोहराया था। रैली में ठाकरे का निशाना यहीं नहीं रुका। उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासियों को लेकर भी खुला अल्टीमेटम दिया। मनसे प्रमुख ने और महाराष्ट्र में हिंदी थोपे जाने को भाषा, रोजगार और जमीन से जोड़ते हुए कहा कि अगर इसे जबरदस्ती लागू किया गया तो वे ये भाषा बोलने वालों को 'लात मारकर बाहर निकाल देंगे।' उन्होंने कहा था कि मुझे भाषा से नफ़रत नहीं है, लेकिन थोपने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी। हर तरफ से लोग महाराष्ट्र आ रहे हैं और आपका हिस्सा छीन रहे हैं। जमीन और भाषा गई तो पहचान भी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article