IAF identifies pilots who died in Jaguar crash- राजस्थान के चूरू के पास एक दिन पहले जगुआर लड़ाकू विमान हादसे में मारे गए भारतीय वायुसेना के दो पायलटों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र और फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषि राज सिंह के रूप में हुई। भारतीय वायुसेना ने यह भी कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया गया है। भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को दोनों पायलटों के नाम जारी किए। एक संक्षिप्त बयान में, वायुसेना ने कहा, बुधवार को जगुआर दुर्घटना में वीरगति को प्राप्त हुए पायलट थे - स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र और फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषि राज सिंह। हालांकि, इसमें दोनों पायलट की उम्र का जिक्र नहीं है।
बुधवार को वायुसेना ने कहा, भारतीय वायुसेना का एक जगुआर प्रशिक्षण विमान राजस्थान के चूरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भारतीय वायुसेना ने यह भी कहा कि उसे लोगों की मौत पर गहरा अफसोस है और वह दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पायलट सिंधु एक महीने पहले बने थे पिता
राजस्थान के चुरू के निकट बुधवार को जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले भारतीय वायुसेना के दो पायलटों में से एक स्क्वाड्रन लीडर लोकेन्द्र सिंह सिंधु एक महीने पहले ही पिता बने थे और हरियाणा में उनका परिवार इसका जश्न मना रहा था। हरियाणा के रोहतक के खेरी साध गांव के रहने वाले सिंधु ने मंगलवार शाम को वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवार से बात की थी और घटना से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को संदेश भेजकर हालचाल पूछा था।
सिंधु के परिवार के कुछ सदस्यों ने गुरुवार को रोहतक में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे सिंधु के बेटे के जन्म का जश्न मना रहे थे, लेकिन किसी को नहीं पता था कि भाग्य में यह लिखा है। उन्होंने कहा कि सिंधु के बेटे का जन्म ठीक एक महीने पहले 10 जून को हुआ था। बुधवार सुबह हुई दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के एक और पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह (23) की भी मौत हो गई। घटना के बाद वायुसेना ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया गया है।
सिंधु के बच्चे के जन्म के उपलक्ष्य में परिवार ने 30 जून को एक समारोह आयोजित किया था, जिसमें सिंधु शामिल हुए थे। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि अगले दिन वह फिर से ड्यूटी पर लौट गए। सिंधु के दादा बलवान सिंह ने कहा कि सिंधु अपनी पत्नी, एक महीने के बेटे, एक भाई, एक बहन, माता-पिता और दादा-दादी को छोड़कर चला गया है। सिंह ने कहा, सिंधु का एक बच्चा है, जो 10 जुलाई को एक महीने का हो गया। सिंधु के बारे में उनके दादा ने कहा, हमारे बीच बहुत अच्छा रिश्ता था और अब वे सारी यादें ताज़ा हो रही हैं।
उनके भाई ज्ञानेंद्र ने कहा कि जब उन्हें मीडिया के जरिए विमान दुर्घटना के बारे में पता चला, तो उन्होंने नासिक में अपने बहनोई को फोन किया, जो विंग कमांडर हैं। सिंधु की प्रशंसा करते हुए ज्ञानेंद्र ने कहा कि उनके भाई ने यह सुनिश्चित किया कि विमान आबादी वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त न हो। ज्ञानेंद्र ने कहा, उन्होंने लोगों को हताहत होने से बचाने के लिए विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा करते समय विमान की ऊंचाई कम हो गई और वह उससे बाहर नहीं निकल सके। उन्होंने कहा कि वह बहुत कुशल थे और उनकी सोच बहुत तेज थी।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषि राज सिंह का अंतिम संस्कार
राजस्थान के चूरू के निकट नियमित उड़ान के दौरान जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषि राज सिंह के पार्थिव शरीर का गुरुवार शाम राज्य के पाली जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के बीच अंतिम संस्कार किया गया। राज का पार्थिव शरीर गुरुवार दोपहर सूरतगढ़ से जोधपुर वायुसेना स्टेशन लाया गया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वायुसेना स्टेशन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जोधपुर से पार्थिव शरीर को हेलीकॉप्टर द्वारा सिरोही ले जाया गया और फिर सड़क मार्ग से उनके गांव खिवांदी ले जाया गया।
जैसे ही राज की मौत की खबर फैली, रिश्तेदार और ग्रामीण बुधवार से ही उनके गांव के घर पर उनके माता-पिता को सांत्वना देने के लिए इकट्ठा होने लगे। राज के चाचा हितपाल सिंह ने कहा कि वह हमारे परिवार का गौरव था। उसका करियर मज़बूत होने के बाद हमने उसके जीवन के अगले अध्याय की तैयारी शुरू कर दी थी, और उम्मीद थी कि एक-दो साल में उसकी शादी हो जाएगी। लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया है।
पायलट की मौत के लिए पुराने लड़ाकू विमानों को जिम्मेदार ठहराते हुए, उन्होंने सवाल उठाया कि भारतीय पायलट की कीमत पर ऐसी पुरानी मशीनों को चलाने की अनुमति क्यों दी जा रही है। उन्होंने इसे व्यक्तिगत और राष्ट्रीय, दोनों तरह का नुकसान बताया। परिवार के एक सदस्य प्रताप सिंह के अनुसार, ऋषि राज सिंह बचपन से ही लड़ाकू विमानों के प्रति आकर्षित थे और हमेशा से एक लड़ाकू पायलट बनना चाहते थे। उन्होंने कहा, वह पढ़ाई में बहुत होशियार थे और जोधपुर से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने एनडीए की प्रवेश परीक्षा दी। चयन के बाद, वह पुणे में एनडीए में शामिल हो गए और पायलट बनने के अपने सपने को साकार करने के लिए वायु सेना को चुना।
