देश

Times Now Exclusive: 'मुझे बेहद दुख है...'अहमदाबाद विमान हादसे पर एयर इंडिया के चेयरमैन चंद्रशेखरन ने जताया अफसोस

अहमदाबाद में Air India विमान दुर्घटना पर एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने टाइम्स नाउ को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में 'दुख' व्यक्त किया, जिसमें लंदन जाने वाली AI-171 उड़ान में सवार एक व्यक्ति को छोड़कर सभी की जान चली गई।

Image

एयर इंडिया चेयरमैन चेयरमैन एन चंद्रशेखरन

एयर इंडिया चेयरमैन चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने 'टाइम्स ग्रुप की 'एडिटर-इन-चीफ' नाविका कुमार के साथ एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा- अहमदाबाद में 'एयर इंडिया की उड़ान में हुई दुर्घटना पर मुझे गहरा अफसोस है, यह एक बहुत ही कठिन स्थिति है, जहां मेरे पास किसी को सांत्वना देने के लिए शब्द नहीं हैं..' चंद्रशेखरन ने आगे कहा, 'मैं और मेरे टाटा सहकर्मी उनके परिवारों के साथ दुखी हैं, हम उन्हें हर संभव तरीके से मदद करना चाहते हैं, अभी और भविष्य में भी...'

उन्होंने कहा, 'यह बताना बहुत मुश्किल है कि वे किस दौर से गुजर रहे हैं और उन्हें सांत्वना देना भी मुश्किल है' साथ ही उन्होंने इस दुर्घटना को 'अकल्पनीय' बताया।

चंद्रशेखरन ने आगे कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, अगर हम जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालेंगे तो हम अफवाहों में फंस सकते हैं। मानवीय त्रुटि को लेकर अटकलें हैं, एयरलाइंस को लेकर, इंजनों को लेकर, मेंटेनेंस को लेकर, सभी तरह की अटकलें चल रही हैं। बहुत सारी थ्योरीज हैं।

लेकिन जो तथ्य अब तक मेरे सामने आए हैं, वो ये हैं कि विमान का रिकॉर्ड बिल्कुल साफ है। उसकी हिस्ट्री पूरी तरह साफ है। दोनों इंजनों की भी हिस्ट्री साफ है। दाहिने इंजन को मार्च 2025 में ही बदला गया था। बायां इंजन की 2023 में सर्विस हुई थी और अगली मेंटेनेंस दिसंबर 2025 में होनी थी।

यह दुखद दुर्घटना 12 जून को हुई थी

गौरतलब है कि यह दुखद दुर्घटना 12 जून को हुई थी, जब एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, अहमदाबाद के सरदार बल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर में इमारतों से टकरा गई थी।

लंदन जा रहा यह विमान टक्कर लगने से आग की चपेट में आ गया, जिससे उसमें सवार 241 यात्री और चालक दल के सदस्य मारे गए थे।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article