देश

मैं 45 साल से विवाहित हूं, कभी गुस्सा नहीं करता, जगदीप धनखड़ की बात पर जमकर लगे ठहाके

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 3, 2023, 01:53 PM IST

सरकार और विपक्ष के बीच राज्यसभा में नोंकझोक के बीच सभापति जगदीप धनखड़ की एक बात से माहौल हल्का हुआ और सदन में जमकर ठहाके लगे।

Image

Jagdeep Dhankhar

Photo : PTI

Jagdeep Dhankhar: मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी के बयान की मांग पर अड़े विपक्षी सदस्यों के कारण राज्यसभा में जारी गतिरोध के बीच सदन में उस समय हंसी की लहर दौड़ गई जब सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि वह 45 साल से अधिक समय से विवाहित हैं और वह कभी गुस्सा नहीं होते। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आसन की अनुमति से अपनी बात रखते हुए कहा कि कल सभापति के साथ मुलाकात में उन्होंने मणिपुर संबंधी कार्यस्थगन नोटिस पर चर्चा कराने की विनती की थी लेकिन आप (धनखड़) जरा गुस्से में थे।

सभापति ने खरगे को टोका

इस पर सभापति ने खरगे को टोकते हुए कहा, मैं 45 वर्ष से अधिक समय से विवाहित व्यक्ति हूं, मैं कभी गुस्सा नहीं करता। उनकी इस बात पर सदन में हंसी की लहर दौड़ गई। धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम एक प्रख्यात वरिष्ठ वकील हैं और वह जानते हैं कि एक वरिष्ठ वकील के रूप में हमें गुस्सा करने का कोई अधिकार नहीं है, कम से कम प्राधिकार के समक्ष तथा आप (नेता प्रतिपक्ष खरगे) एक प्राधिकार हैं...मैं कभी गुस्सा नहीं करता।

सभापति ने खरगे से कहा कि वह अपनी बात में सुधार कर लें। इस पर खरगे ने कहा कि आप गुस्सा नहीं करते, आप (गुस्सा) दिखाते नहीं लेकिन बराबर अंदर से करते हैं। खरगे की इस बात पर न केवल सभी सदस्य बल्कि सभापति धनखड़ भी खिलखिला कर हंसने लगे। (Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article