LIVE
Parliament Monsoon Session 2023 Updates: संसद में आज क्या कुछ हुआ? जानिए, एक नजर में
Parliament Monsoon Session 2023 Updates: संसद में आज क्या कुछ हुआ? जानिए, एक नजर में
AUG 03, 2023 19:59 IST
शाह के पास दिल्ली सेवा विधेयक के पक्ष में एक भी वाजिब तर्क नहीं- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पास जीएनसीटीडी (संशोधन) विधेयक, 2023 लाने के पक्ष में एक भी वाजिब तर्क नहीं है और जोर दिया कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ कभी ऐसा नहीं होने देगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, दिल्ली (संशोधन) विधेयक, 2023 पर लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने बिना किसी टकराव के लंबे समय तक दिल्ली में शासन किया, लेकिन समस्याएं 2015 में उस वक्त पैदा हुईं जब एक सरकार आई जिसका मकसद सेवा करना नहीं, बल्कि झगड़ा करना है। विधेयक पेश होने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में केजरीवाल ने कहा कि यह दिल्ली के लोगों को गुलाम बनाने वाला विधेयक है। केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज लोकसभा में अमित शाह जी को दिल्ली वालों के अधिकार छीनने वाले विधेयक पर बोलते सुना। विधेयक का समर्थन करने के लिए उनके पास एक भी वाजिब तर्क नहीं है। बस इधर-उधर की फ़ालतू बातें कर रहे थे। वह भी जानते हैं, वह गलत कर रहे हैं।’’
AUG 03, 2023 19:25 IST
आप सदस्य सुशील कुमार रिंंकू सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
लोकसभा अध्यक्ष के आसन के सामने कागज फाड़कर फेंकने के लिए आम आदमी पार्टी के सदस्य सुशील कुमार रिंकू को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया।
AUG 03, 2023 19:20 IST
AUG 03, 2023 16:28 IST
अपतट क्षेत्र खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक को मंजूरी
संसद ने ‘अपतट क्षेत्र खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2023 को बृहस्पतिवार को ध्वनिमत से पारित कर दिया जिसमें खनन के क्षेत्र में नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। राज्यसभा ने इस विधेयक को चर्चा के बाद ध्वनिमत से पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक में अपतटीय क्षेत्र में 50 वर्ष के लिए उत्पादन पट्टा देने का प्रावधान है। उच्च सदन में विधेयक पर हुई संक्षिप्त चर्चा का जवाब देते हुए खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि अपतटीय खनन के मामले में पर्यावरण संबंधी किसी नियम का उल्लंघन नहीं होगा तथा संबद्ध राज्यों के साथ समुचित विचार विमर्श किया जाएगा।
AUG 03, 2023 15:31 IST
Parliament Monsoon Session 2023 LIVE : पूर्ण बहुमत के साथ फिर PM बनेंगे मोदी-शाह
गृह मंत्री ने कहा कि वह सांसदों से अपील करते हैं कि वह गठबंधन के बारे में नहीं बल्कि दिल्ली के बारे में सोचें। शाह ने कहा, 'विपक्ष के इस गठबंधन के बावजूद नरेंद्र मोदी पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।'
AUG 03, 2023 14:51 IST
दिल्ली पर संसद को कानून बनाने का अधिकार-शाह
अमित शाह ने आगे कहा कि यह अध्यादेश सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का जिक्र करता है जिसमें कहा गया है कि संसद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, दिल्ली से जुड़ा कोई भी कानून बना सकती है।
AUG 03, 2023 14:45 IST
AAP का उद्देश्य लोगों की सेवा नहीं बल्कि लड़ना है-शाह
केजरीवाल सरकार पर हमला बोलते हुए गृह मंत्री ने कहा कि साल 2015 में एक पार्टी सत्ता में आई। इसका उद्देश्य लोगों की सेवा नहीं बल्कि लड़ना था। समस्या अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य 'शीशमहल' के निर्माण जैसे भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए विजिलेंस विभाग पर नियंत्रण पाना है।
AUG 03, 2023 14:40 IST
लोकसभा में दिल्ली सेवा विधेयक पर चर्चा
ऑपरेशन 'शीशमहल' पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया। लोकसभा में उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार भ्रष्टाचार छिपाना चाहती है। वह विजिलेंस को अपने कब्जे में लेना चाहती है। 2015 के बाद से दिल्ली में स्थिति बदली। इस सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा नहीं है।
AUG 03, 2023 13:56 IST
मैं 45 वर्ष से विवाहित हूं, कभी गुस्सा नहीं करता: रास सभापति
मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान की मांग पर अड़े विपक्षी सदस्यों के कारण राज्यसभा में जारी गतिरोध के बीच सदन में उस समय हंसी की लहर दौड़ गयी जब सभापति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 45 वर्ष से अधिक समय से विवाहित हैं और वह कभी गुस्सा नहीं होते। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आसन की अनुमति से अपनी बात रखते हुए कहा कि कल सभापति के साथ मुलाकात में उन्होंने मणिपुर संबंधी कार्यस्थगन नोटिस पर चर्चा कराने की विनती की थी किंतु ‘आप (धनखड़) जरा गुस्से में थे।’
AUG 03, 2023 13:06 IST
मणिपुर हिंसा पर राज्यसभा से विपक्ष का वॉकआउट
मणिपुर में हिंसा के मुद्दे पर चर्चा को लेकर अपने नोटिस के स्वीकार नहीं किए जाने पर बृहस्पतिवार को विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा से बहिर्गमन किया। विपक्षी सदस्यों ने सूचीबद्ध कामकाज को स्थगित कर मणिपुर मुद्दे पर चर्चा शुरू करने के लिए नोटिस दिए थे। उच्च सदन की सुबह बैठक शुरू होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने कहा कि उन्हें मणिपुर की स्थिति पर चर्चा की मांग के लिए नियम 267 के तहत 37 नोटिस मिले हैं जबकि एक नोटिस मणिपुर और हरियाणा में हिंसा को लेकर और एक महिला आरक्षण को लेकर है।
AUG 03, 2023 12:39 IST
संसद में पीएम और रक्षा मंत्री से मिले सिद्दारमैया
कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया गुरुवार को संसद भवन पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनात सिंह से मुलाकात की। इस मौके पर सिद्दारमैया ने पीएम एवं रक्षा मंत्री को कर्नाटक की कलाकृतियां देकर सम्मानित किया।
AUG 03, 2023 11:02 IST
विपक्ष में फूट डालने के लिए पेश किया गया बिल-अधीर
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संसद में पहले अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होनी चाहिए थी लेकिन इसी बीच दिल्ली सेवा से जुड़े विधेयक को पेश कर दिया गया। ऐसा जानबूझकर किया गया है ताकि विपक्ष में फूट पड़ जाए। हमने अपने स्टैंड स्पष्ट कर दिया है। जिस दिन यह विधेयक पेश हुआ हमने उसी दिन इसका विरोध किया।
AUG 03, 2023 10:33 IST
Parliament Monsoon Session 2023 LIVE : हम दिल्ली सेवा से जुड़े विधेयक का विरोध करेंगे-डीएमके
दिल्ली सेवा से जुड़े विधेयक पर डीएमके के सांसद टीआर बालू ने कहा कि हम निश्चित रूप से इस विधेयक का विरोध करेंगे। यह तानशाही वाला विधेयक है जिसका विरोध किया जाना चाहिए। बता दें कि यह विधयेक लोकसभा में पेश हो चुका है लेकिन बुधवार को हंगामे की वजह से लोकसभा का कार्यवाही बाधित हुई। उम्मीद है कि आज निम्न सदन में इस विधेयक पर चर्चा होगी।
AUG 02, 2023 22:02 IST
कुल 15 बिल सदन के पटल पर रखे गए
संसद के इस मानसून सत्र में अभी तक कुल 15 बिल सदन के पटल पर रखे गए, जिनमें से 5 बिल दोनों सदनों से पास किए गए हैं एक बिल केवल राज्यसभा में पास किया गया
AUG 02, 2023 21:33 IST
23 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में 31 बिल पेश होंगे
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था, जिसके बाद ये 11 अगस्त तक चलेगा, कुल 23 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में 31 बिल पेश होंगे, लेकिन कामकाज सही से नहीं हो पा रहा है, मणिपुर मुद्दे पर संसद में विपक्ष-सरकार आमने-सामने है, यही वजह है कि कई बिलों को बिना चर्चा के ही पास किया जा रहा है।
AUG 02, 2023 20:18 IST
संसद से मिली वन संरक्षण संशोधन विधेयक को मंजूरी
सद ने बुधवार को ‘वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक, 2023’ को मंजूरी दे दी जिसका मकसद वनों के संरक्षण के साथ ही विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करना और लोगों के जीवनस्तर में सुधार लाना है। राज्यसभा ने बुधवार को विधेयक को संक्षिप्त चर्चा के बाद पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है।
AUG 02, 2023 20:15 IST
लोकसभा में महज 16 फीसदी प्रोडक्टिविटी दर्ज की गई, यही हाल राज्यसभा का भी
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था, जिसके बाद अब तक लोकसभा में महज 16 फीसदी प्रोडक्टिविटी दर्ज की गई है. यही हाल राज्यसभा का भी है, 17 अगस्त तक चलने वाला ये मानसून सत्र हंगामे की भेंट चढ़ता दिख रहा है, पिछले 12 दिनों के कामकाज की बात करें तो लोकसभा में महज 16 फीसदी प्रोडक्टिविटी रही है, यही हाल राज्यसभा का भी है।
AUG 02, 2023 18:28 IST
विपक्ष के हंगामे से भड़के ओम बिरला
मानसून सत्र शुरू होने के बाद से ही लोकसभा में मणिपुर मुद्दे पर लगातार हो रहे हंगामे और कामकाज बाधित होने से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला नाराज हैं। संसद भवन में मौजूद होने के बावजूद उन्होंने बुधवार को अभी तक सदन में आकर कार्यवाही का संचालन नहीं किया है।
AUG 02, 2023 14:41 IST
विपक्ष का भारी हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
मानसून सत्र शुरू होने के बाद से ही लोकसभा में मणिपुर मुद्दे पर जारी गतिरोध बुधवार को भी बरकरार रहा और विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने आवश्यक कागजात सभापटल पर रखवाये। इस दौरान विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे। पीठासीन सभापति सोलंकी ने विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर लौटने और कार्यवाही में हिस्सा लेने की अपील की। लेकिन सदस्यों की नारेबाजी जारी रही। व्यवस्था नहीं बनते देख पीठासीन सभापति ने दो बजकर चार मिनट पर सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
AUG 02, 2023 13:28 IST
Parliament Monsoon Session 2023 LIVE: मणिपुर मुद्दे पर गतिरोध बरकरार
मानसून सत्र शुरू होने के बाद से ही लोकसभा में मणिपुर मुद्दे पर जारी गतिरोध बुधवार को भी बरकरार रहा और विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। आज सुबह कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन सभापति मिथुन रेड्डी ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, उसी समय विपक्षी दलों के सदस्य मणिपुर मुद्दे पर जल्द चर्चा कराने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जवाब की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। हाथों में तख्तियां लिए हुए कई विपक्षी सांसद आसन के निकट पहुंचकर नारेबाजी करने लगे।
