देश

मोदी सरकार के 9 साल: प्रधानमंत्री बोले- कृतज्ञ हूं, हम और मेहनत करते रहेंगे

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 30, 2023, 05:23 PM IST

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में हमने भारत के सबसे गरीब लोगों की गरिमा को बरकरार रखने और उनकी आजीविका बढ़ाने का प्रयास किया है।

Image

PM Modi

PM Modi on 9 Years of Govt: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में उनकी सरकार के 9 साल पूरे होने पर मंगलवार को कहा कि लोगों के जीवन को बेहतर करने की उनकी इच्छा उनके हर निर्णय का कारण रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, आज, हम राष्ट्र की सेवा में नौ वर्ष पूरे कर रहे हैं। मैं कृतज्ञ और आभारी हूं। इस दौरान किए गए हर निर्णय, उठाए गए हर कदम के पीछे लोगों का जीवन बेहतर बनाने की इच्छा रही है। हम एक विकसित भारत के निर्माण के लिए और भी मेहनत से काम करते रहेंगे।

सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें आंकड़े साझा करते हुए मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, पिछले 9 वर्षों में हमने भारत के सबसे गरीब लोगों की गरिमा को बरकरार रखने और उनकी आजीविका बढ़ाने का प्रयास किया है। कई पहल के माध्यम से हमने लाखों लोगों का जीवन बदल दिया है। हर नागरिक का उत्थान करने और उनके सपनों को पूरा करने का हमारा मिशन जारी है।

पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति कोविंद का लेख साझा किया

इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का लेख साझा किया जो उन्होंने सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर लिखा है। भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए मंगलवार से एक महीने तक चलने वाले अभियान की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को राजस्थान के अजमेर में एक रैली को संबोधित करेंगे।

हर राज्य में संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन

केंद्रीय मंत्रियों और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सत्ता में नौ वर्ष पूरे होने के मौके पर सोमवार को देशभर में उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला था। वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते कद से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर, गरीबों के लिए आवास और शौचालय जैसे कल्याणकारी कदम, पाइप से पानी की आपूर्ति को बढ़ावा देना, बुनियादी ढांचा विकास और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी लाने के प्रयास उन पहलों में शामिल रहे, जिनका भाजपा नेताओं ने देश के हर राज्य में आयोजित संवाददाता सम्मेलनों में जिक्र किया।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article