देश

'किसी की गुलामी न करें मुसलमान, बंगाल में इस बार जरूर होगा तख्तापलट', हुमायूं कबीर का दावा; अब ममता क्या करेंगी?

हुमायूं कबीर ने ममता सरकार पर मुसलमानों को धोखा देने का गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। सभी का मैं स्वागत करूंगा। उन्हें मेरी पार्टी में आना चाहिए

Image

हुमायूं कबीर, ममता बनर्जी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य का सियासी पारा बढ़ा हुआ है। यहां भाजपा और टीएमसी के बीच ही सीधी टक्कर होती है, लेकिन अब टीएमसी से निष्कासित भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर बड़े-बड़े दावे करने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस बार उनकी पार्टी चुनाव में ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर कर राज्य में तख्तापलट कर देगी।

हुमायूं कबीर ने एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि इस बार राज्य में तख्तापलट जरूर होगा। आज तक मुसलमान कभी किसी का गुलाम नहीं बना है। मैं सभी जगह ऐलान करूंगा कि मुसलमान को किसी की भी गुलामी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मुसलमान को सिर्फ अल्लाह की गुलामी करनी चाहिए। सभी से मैं यही कहना चाहूंगा।

ममता सरकार दे रही मुसलमानों को धोखा

हुमायूं कबीर ने ममता सरकार पर मुसलमानों को धोखा देने का गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। सभी का मैं स्वागत करूंगा। उन्हें मेरी पार्टी में आना चाहिए। सभी पार्टियों ने मुसलमानों को धोखा दिया। ममता बनर्जी भी कई साल से सरकार में हैं। उन्होंने भी मुसलमानों को धोखा दिया है। मुसलमान समाज के लोगों को उन्हें जवाब देना चाहिए।

इस दौरान हुमायूं कबीर ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी और इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) विधायक नौशाद सिद्दीकी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने और मुसलमानों का नेतृत्व करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मैं कोशिश में हूं कि वे साथ आएं। ओवैसी साहब समझदार और जाने-माने शख्स हैं। वे संसद सदस्य भी हैं। वहीं, नौशाद सिद्दीकी मेरे बेटे जैसा है। वह भी विधायक हैं। मेरे ख्याल से नौशाद सिद्दीकी और ओवैसी साहब की पार्टी को साथ लेकर मैं लडूंगा। मुझे उम्मीद है मुर्शिदाबाद में 17 सीटों पर हम जीत हासिल करेंगे।

पार्टी का एलान और ओवैसी से नजदीकी, ममता के लिए कितनी मुश्किल

बता दें कि भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर तब चर्चा में आए जब उन्होंने मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी मस्जिद बनवाने का एलान किया। इसके बाद उनका टीएमसी से विवाद बढ़ा और फिर ममता बनर्जी ने उन्हें टीएमसी से निलंबित कर दिया। टीएमसी से निलंबित होने के बाद हुमायूं कबीर ने अपनी जनता उन्नयन पार्टी लॉन्च की है। जिसके बाद से वे एक के बाद एक बड़े दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि वे बंगाल की 182 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। साथ ही कबीर ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से संभावित गठबंधन के भी संकेत दिए हैं। उनका यह कदम ममता बनर्जी के लिए इसलिए भी चुनौती है क्योंकि इससे मुस्लिम वोटों में सेंध लगने की आशंका पैदा होती है,खासकर मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर बंगाल के इलाकों में।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article