देश

करोड़पति कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पर कितनी उधारी; सोना-चांदी से लेकर जमीन-जायदाद तक का ब्योरा आया सामने

Mallikarjun Kharge News: मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उन्होंने यह भी खुलासा किया है कि वे कितने अमीर हैं।

Image

मल्लिकार्जुन खरगे। (File photo)

Mallikarjun Kharge News: कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उन्होंने अपने हलफनामे में अपनी संपत्ति का विस्तृत ब्योरा भी सार्वजनिक किया है। चुनाव आयोग को सौंपे गए शपथपत्र के अनुसार खरगे और उनके परिवार की कुल संपत्ति 38.76 करोड़ रुपये है। इसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ प्रस्तुत हलफनामे में उनकी व्यक्तिगत संपत्ति,पत्नी की संपत्ति, हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) की संपत्ति के साथ ही उधारी और लंबित मामलों की जानकारी दी गई है।

11.37 करोड़ रुपये की चल संपत्ति

हलफनामे के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खरगे के परिवार की कुल चल संपत्ति 11.37 करोड़ रुपये है। इसमें 6.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष के नाम दर्ज है। वहीं, उनकी पत्नी राधाबाई के नाम 4.41 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है,जबकि एचयूएफ के नाम 36.09 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है। इन चल संपत्तियों में बैंक जमा, निवेश, नकदी, बीमा योजनाएं और अन्य वित्तीय साधन शामिल हैं।

27.39 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति

इसके साथ ही उनके परिवार के पास करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति भी है। हलफनामे के मुताबिक, खरगे की अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 27.39 करोड़ रुपये बताया गया है। इनमें खरगे के नाम 8.31 करोड़ रुपये की संपत्तियां हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम 9.86 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा एचयूएफ के नाम 9.22 करोड़ रुपये की संपत्तियां हैं। हलफनामे के अनुसार परिवार के पास कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में उनके पास कृषि भूमि है। इसके अलावा बेंगलुरू में आवासीय और अन्य प्रकार की संपत्तियां भी मौजूद हैं।

    सोना-चांदी और आभूषण भी करोड़ों के

    खरगे और उनकी पत्नी के पास बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण भी हैं। शपथपत्र के मुताबिक दोनों के पास मौजूद आभूषणों और चांदी के सामान का कुल मूल्य लगभग 2.04 करोड़ रुपये है। यह संपत्ति उनकी कुल घोषित परिसंपत्तियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

    सिर्फ 10 लाख रुपये की देनदारी

    वहीं, जहां मल्लिकार्जुन खरगे के पास करोड़ों की संपत्तियां हैं, वहीं खरगे ने अपने ऊपर केवल 10 लाख रुपये की देनदारी घोषित की है। इसके अलावा, हलफनामे में किसी बड़े बैंक ऋण या अन्य वित्तीय दायित्व का उल्लेख नहीं किया गया है।

      पांच आपराधिक मामले भी दर्ज

      संपत्ति के साथ-साथ मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने खिलाफ लंबित मामलों की जानकारी भी दी है। हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ पांच आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें से चार एफआईआर असम में दर्ज की गई हैं। ये मामले उनके राजनीतिक भाषणों के दौरान दिए गए कथित बयानों से जुड़े हैं,जिन पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन मामलों में अभी अंतिम फैसला नहीं आया है और वे न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।

      कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं खरगे

      गौरतलब है कि 83 साल के मल्लिकार्जुन खरगे भारतीय राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे कई बार सांसद और विधायक रह चुके हैं तथा केंद्र और राज्य सरकारों में महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे कांग्रेस अध्यक्ष होने के साथ-साथ पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में भी शामिल हैं।

      Shiv Shukla
      शिव शुक्लाauthor

      शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

      और पढ़ें
      End of Article
      Subscribe to our daily Newsletter!

      संबंधित खबरें