Raj Kushwaha Story: मेघालय में हुई राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, हालांकि हत्या का मकसद अब तक सामने नहीं आया है। राजा रघुवंशी हत्याकांड में राज सिंह कुशवाह समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उधर, मेघालय पुलिस ने सोनम रघुवंशी की 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड ले ली है। आज सोनम को पटना के फुलवारी शरीफ थाने ले जाया गया। यहां से उसे शिलांग ले जाया जाएगा। उधर, इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताए जा रहे राज कुशवाह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां और बहन ने राज को निर्दोष बताया है।
मां का रो-रोकर बुरा हाल, राज को बताया निर्दोष
राज कुशवाह की मां ने रोते-रोते कहा, "मेरा बेटा ऐसा कुछ नहीं कर सकता। वह सिर्फ 20 साल का है... वह मेरा सबकुछ है... मेरा बेटा सोनम के भाई की फैक्ट्री में काम करता था। उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि उसे निर्दोष साबित किया जाए। वह निर्दोष है।
रोती हुई बोली बहन- मेरे भाई को रिहा करो
राज कुशवाह की बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल है। आंसुओं के बीच उसने कहा कि विक्की और राज दोनों मेरे भाई जैसे हैं। वे कभी ऐसा कुछ नहीं कर सकते। मेरा भाई राज कहीं नहीं गया। आप उसके ऑफिस वालों से पूछ सकते हैं। मेरी बस यही मांग है कि मेरे भाई को रिहा किया जाए। वह हत्या में शामिल नहीं है। मेरा भाई निर्दोष है।
सोनम को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा
बता दें कि मेघालय पुलिस की एक टीम सोमवार शाम गाजीपुर पहुंची, जहां रघुवंशी की हत्या की कथित आरोपी उसकी पत्नी सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस थाना के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। ट्रांजिट रिमांड की अनुमति के लिए सोनम को रात में गाजीपुर की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया था जहां से सोनम को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया। मेघालय पुलिस उसे लेकर शिलांग जा रही है।
