देश

इजराइल करने वाला था ईरान पर हमला, अमेरिका ने रोका? बोले ट्रंप- नेतन्याहू को रोका, ताकि वार्ता के लिए अधिक समय मिल सके

ईरान और अमेरिका ने अब तक मस्कट, ओमान और रोम में ओमानी विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी की मध्यस्थता में पांच दौर की वार्ता की है। छठे दौर की वार्ता अभी तय नहीं है। इस वार्ता का उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना है, जिसके बदले में अमेरिका द्वारा इस्लामी गणराज्य पर लगाए गए कुछ कठोर आर्थिक प्रतिबंधों को हटाया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच आधी सदी से चली आ रही दुश्मनी समाप्त होने की उम्मीद है।

Image

ट्रम्प और नेतन्याहू (फाइल फोटो)

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ही सनसनीखेज दावा किया है। ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने इजराइल को ईरान पर हमला करने से रोका ताकि परमाणु वार्ता पर बात करने के लिए अधिक समय मिल सके।

नेतन्याहू से ईरान पर हमला रोकने को कहा- ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान पर हमला रोकने को कहा है ताकि अमेरिकी प्रशासन को तेहरान के साथ नए परमाणु समझौते पर आगे बढ़ने के लिए और समय मिल सके। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा कि अभी ऐसा करना अनुचित होगा क्योंकि हम समाधान के बहुत करीब हैं।’’

अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत जारी

बुधवार को ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के प्रमुख ने कहा कि ईरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत पर अभी भी कोई फैसला नहीं हुआ है। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी एजेंसी के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने बुधवार को कहा कि ईरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम को लेकर इस्लामिक गणराज्य और अमेरिका के बीच वार्ता पर अब भी फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, उन्होंने जारी वार्ता को इस दिशा में एक अच्छा संकेत बताया।

ईरान की चेतावनी

ईरानी अधिकारी लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि वे अपने यूरेनियम भंडार को हथियार के स्तर तक संवर्धित करके परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर सकते हैं। ग्रॉसी द्वारा वियना में दिये गए बयान से पहले, ईरान के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख ने वार्ता जारी रहने के दौरान अमेरिका को एक नई चेतावनी जारी की। जनरल हुसैन सलामी ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘हमारी उंगलियां ट्रिगर पर हैं, हम घात लगाए बैठे हैं और इंतजार कर रहे हैं। अगर वे कोई गलती करते हैं, तो उन्हें तुरंत जवाब मिलेगा जिससे वे अपना अतीत पूरी तरह भूल जाएंगे।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article