Gujarat News: गुजरात के दाहोद जिले के अभलोड गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के बाद 400 से ज्यादा मेहमान बीमार पड़ गए। अधिकारियों को शक है कि यह फूड पॉइजनिंग का एक बड़ा मामला हो सकता है। कई बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्वास्थ्य अधिकारी स्थिति को काबू में करने और बीमारी की वजह का पता लगाने में जुट गए हैं।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, समारोह में परोसा गया खाना खाने के कुछ घंटों बाद मेहमानों में जी मिचलाना, उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें- पूरा मामला?
दाहोद जिले के अभलोड गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़े स्तर पर फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आई है। भरत राठौड़ के घर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1000 लोगों को भोजन के लिए आमंत्रित किया गया था। रात करीब 11 बजे के आसपास अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायतों के साथ 300 से अधिक लोग बीमार हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, करीब 70 मरीजों को सरकारी अस्पताल में भर्ती है, जबकि 70 से 80 लोग निजी अस्पतालों में। वहीं 100 से 150 लोगों को प्राथमिक उपचार और दवाइयां देकर घर भेज दिया गया। कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दाहोद के जायडस अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई।
घटना के बाद जायडस अस्पताल के बाहर गांव के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन अपने-अपने लोगों की हालत जानने के लिए बेचैन नजर आए। देर रात तक एम्बुलेंस और निजी वाहनों के जरिए मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जाता रहा।
