Vadodara Bridge Collapse: वडोदरा पुल हादसे के बाद गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर चार इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है जिसमें सड़क एवं भवन विभाग के एक एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, दो डिप्टी इंजीनियर और एक अस्सिटेंट इंजीनियर शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार सुबह पादरा कस्बे के निकट गंभीरा गांव के पास चार दशक पुराने पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। यह पुल आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ता है। पिछले 36 घंटे से रेक्स्यू ऑपरेशन जारी है। इस घटना में मृतकों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 18 हो गई।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना से प्रभावित मुजपुर-गंभीरा पुल की अब तक की मरम्मत, निरीक्षण और गुणवत्ता जांच पर एक रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी विशेषज्ञों की एक टीम को सौंपी थी। विशेषज्ञों की टीम द्वारा घटनास्थल का दौरा करने के बाद तैयार की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया।
- एन.एम. नायकवाला, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर
- यू.सी. पटेल, डिप्टी इंजीनियर
- आर.टी. पटेल, डिप्टी इंजीनियर
- जे.वी. शाह, अस्सिटेंट इंजीनियर
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन चारों जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य पुलों का तत्काल गहन निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया।
