देश

'व्यूज के चक्कर में किया जा रहा परेशान, ब्लूटूथ ऐप से बंद हो रहे ई-रिक्शा', चालकों ने सुनाई अपनी पीड़ा; सरकार ने ऐप को किया बैन

E-Rickshaw App Ban: दिल्ली एनसीआर समेत कई शहरों में ई-रिक्शा चालकों के लिए परेशानी बने चाइनीज एप को लेकर सरकार ने सख्त नजर आ रही है और लगातार मामले की समीक्षा कर रही है।

Image

ब्लूटूथ ऐप से ई-रिक्शा चालक परेशान

Photo : iStock

E-Rickshaw App Ban: दिल्ली एनसीआर समेत कई शहरों में ई-रिक्शा चालकों के लिए परेशानी बने चाइनीज एप को लेकर सरकार ने सख्त नजर आ रही है। सरकार ने ऐप स्टोर से इन चाइनीज ऐप को हटाने का निर्देश दिया है, जिनमें BAT-BMS, लॉसिजी और इपोच ली-आयन शामिल है।

सरकार की पैनी निगाह

सरकार लगातार पूरे मामले की समीक्षा कर रही है। इस बीच, टाइम्स नाउ नवभारत के संवाददाता गौरव श्रीवास्तव ने ई-रिक्शा चालकों से बात की और उनका हालचाल जाना। लक्ष्मीनगर और निर्माण विहार इलाके के ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि लोगों को बहुत परेशानी हो रही है, जो ई-रिक्शा चला रहे हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है, क्योंकि उनकी दिहाड़ी भी मारी गई है और सवारी भी बैठने से घबरा रही है।

चाइनीज ऐप ने ई-रिक्शा हो रहे बंद

ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शफीक के मुताबिक, इस घटना से जनता और चालक दोनों परेशान हैं। पिछले तीन दिनों से काफी दिक्कतें आ रही हैं और सवारियां भी बैठने से कतराने लगी हैं। यह ऐप लगभग 30 मीटर की रेंज से काम करता है। कुछ लड़के बाइक पर घूमते हुए फोन के जरिए रास्ते में चलती हुई गाड़ियों को लॉक कर देते हैं।

एक अन्य ई-रिक्शा चालक ने बताया कि हम जैसे नौजवान तो धक्का मारकर गाड़ी हटा लेते हैं, लेकिन बुजुर्ग चालकों के लिए यह स्थिति बहुत कठिन हो जाती है, क्योंकि वे धक्का नहीं मार पाते और बीच रास्ते में ही खड़े रह जाते हैं।

ऐप हटाने के निर्देश

आईटी मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है और संबंधित एप्लीकेशन को Google Play Store और Apple App Store से हटाने का निर्देश दिया है। बता दें कि यह कोई हैकिंग ऐप नहीं है, बल्कि एक साधारण ऐप है जिसका उपयोग बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) के लिए किया जाता है।

बैटरी इंजीनियर इस ऐप का उपयोग ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट करके बैटरी की हेल्थ जांचने के लिए करते हैं ताकि पूरी बैटरी न खोलनी पड़े। चूंकि बैटरी का ब्लूटूथ हमेशा 'ओपन' रहता है, इसलिए कुछ लोग ज्यादा 'व्यूज' पाने के चक्कर में इसका दुरुपयोग करने लगे और चलते-फिरते ई-रिक्शा को बंद करने लगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article