गोवा अग्निकांड मामले में तीन अधिकारी निलंबित, 4 नेपाली स्टाफ सहित सभी 25 मृतकों की हुई पहचान; देखें लिस्ट
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Dec 7, 2025, 11:40 PM IST
Goa Night Club Fire: गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग के बाद राज्य सरकार एक्शन में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने तत्कालीन पंचायक निदेशक समेत तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। शनिवार देर रात लगी भीषण आग में पांच पर्यटकों समेत 25 लोगों की मौत हो गई जिनकी पहचान हो गई है जिनमें 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं।
गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग (फोटो साभार: PTI)
Goa Night Club Fire: गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग के बाद राज्य सरकार एक्शन में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने तत्कालीन पंचायक निदेशक समेत तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तत्कालीन पंचायत निदेशक को क्लब को 2023 में परिचालन शुरू करने की अनुमति देने में उनकी भूमिका के लिए निलंबित किया गया। निलंबित अधिकारियों में तत्कालीन पंचायत निदेशक सिद्धि तुषार हरलंकर, डॉ. शमिला मोंटेइरो, तत्कालीन सदस्य सचिव, गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत अरपोरा-नागोआ रघुवीर बागकर शामिल हैं।
पांच पर्यटकों सहित 25 ने तोड़ा दम
नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में पांच पर्यटकों समेत 25 लोगों की मौत हो गई जिनकी पहचान हो गई है जिनमें 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं। मृतक नेपाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, असम के रहने वाले थे। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए थे जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में से एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पांच अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
मृतकों की हुई पहचान
सूची के अनुसार, मृतकों में से 20 नाइटक्लब के कर्मचारी थे, जिनमें उत्तराखंड के पांच, नेपाल के चार, झारखंड और असम के तीन-तीन, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के दो-दो और पश्चिम बंगाल का एक व्यक्ति शामिल है। मृतकों (कर्मचारियों) में सबसे अधिक संख्या उत्तराखंड के लोगों की है, जिनकी पहचान जितेंद्र सिंह, सतीश सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी और मनीष सिंह के रूप में हुई है। दिल्ली के चार पर्यटकों की पहचान सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार के रूप में हुई है।
यहां देखें मृतकों की पूरी लिस्ट

गोवा नाइट क्लब में 25 लोगों ने गंवाई जान
मृतकों में महाराष्ट्र के डोमिनिक और मनोज जोरा, जबकि उत्तर प्रदेश के रोहन सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) के एकमात्र पीड़ित की पहचान सुभाष छेत्री के रूप में हुई है। इसमें झारखंड के मोहित, प्रदीप महतो और बिनोद महतो, जबकि असम के तीन लोग मनोजित मल, राहुल तांती और दिगंबर पातिर शामिल हैं। चार नेपाली नागरिकों की पहचान चूर्ण बहादुर पुन, विवेक कटवाल, सबिन और सुदीप के रूप में हुई है।
नाइट क्लब में कैसे लगी आग
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार की शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि अंदर 'इलेक्ट्रिक पटाखे' फोड़े गए थे, जिससे आग लगी। साथ ही बताया कि क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजीपी को क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके खिलाफ प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि दोनों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
17 शवों का हुआ पोस्टमार्टम
गोवा पुलिस ने बताया कि अंजुना पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 105, 125, 125(a), 125(b), 287 r/w 3(5) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। गोवा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अंजुना पुलिस स्टेशन में कैंप कर रहे हैं और जांच की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। 17 शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पांच शवों को अंतिम संस्कार के लिए रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।