देश

गोवा नाइटक्लब मामला: 4150 पन्नों की चार्जशीट, 300 गवाह, 25 मौतें… फिर भी जिम्मेदार कौन? मालिक को मिल गई जमानत

गोवा की अदालत ने 'बर्च बाय रोमियो लेन'नाइटक्लब के मालिकों में से एक अजय गुप्ता को सोमवार को जमानत दे दी। उन्हें पिछले साल दिसंबर में नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद गिरफ्तार किया गया था।

Image

गोवा नाइट क्लब मामला (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

गोवा के चर्चित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में पिछले साल दिसंबर में लगी भीषण आग के मामले में अहम घटनाक्रम सामने आया है। उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित जिला न्यायालय ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए क्लब मालिकों में से एक अजय गुप्ता को सोमवार को जमानत दे दी।

तीन महीने पहले हुई थी गिरफ्तारी

अजय गुप्ता को करीब तीन महीने पहले नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। उनके वकील रोहन देसाई ने बताया कि अदालत ने गुप्ता को 50,000 रुपये के मुचलके पर जमानत प्रदान की है। साथ ही, अदालत ने कई शर्तें भी लगाई हैं, जिनमें बिना अनुमति देश छोड़ने पर रोक, पासपोर्ट जमा करना और मामले के सबूतों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करने का निर्देश शामिल है।

बचाव पक्ष ने दी ये दलीलें

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि पुलिस द्वारा दाखिल आरोपपत्र में गुप्ता के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है। वकील का कहना था कि विस्तृत चार्जशीट में उनके मुवक्किल की इस त्रासदी में किसी भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया है और दस्तावेजों में हेराफेरी के आरोप भी निराधार हैं। हालांकि, जमानत आदेश की विस्तृत प्रति अभी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

बीते साल छह दिसंबर को 25 लोगों की हुई थी मौत

गौरतलब है कि उत्तरी गोवा के अरपोरा गांव स्थित इस नाइटक्लब में छह दिसंबर की रात भीषण आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल थे। हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लब के मालिकों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया था।

4,150 पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र दाखिल

पुलिस ने 27 फरवरी को इस मामले में 4,150 पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें अजय गुप्ता के अलावा क्लब के अन्य मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा समेत 13 आरोपियों को नामजद किया गया है। जांच के दौरान 300 से अधिक गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल, अदालत द्वारा जमानत मिलने के बाद भी मामले की सुनवाई जारी रहेगी और अन्य आरोपियों की भूमिका तथा जिम्मेदारी का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article