देश

घोसी का घमासान: INDIA और NDA की आज अग्निपरीक्षा, दारा सिंह चौहान ने खेला सबसे बड़ा दांव

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 8, 2023, 10:10 AM IST

घोसी उपचुनाव एक तरह से 2024 से पहले बीजेपी और गैर-बीजेपी दलों का लिटमस टेस्ट होगा। सपा से विधायक रहे दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव हुआ था।

Image

घोसी उपचुनाव नतीजे आज

Ghosi Bypoll Resutls: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव का आज नतीजा आ रहा है। इस सीट पर सियासी दलों के बीच खूब जोर-आजमाइश रही। इसके जरिए विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' का पहला इम्तिहान होने जा रहा है। एनडीए के लिए भी आज इम्तेहान की घड़ी है। प्रतिष्ठा का सवाल बने इस उपचुनाव में भाजपा और सपा ने पूरी ताकत झोंकी थी। यह चुनाव संख्या बल के लिए भले ही महत्वपूर्ण न हो, लेकिन परसेप्शन के हिसाब से इसके संदेश बहुत बड़ा है। लोकसभा चुनाव के पहले विपक्षी मंच तैयार करने के लिए बने गठबंधन इंडिया के लिए नतीजा काफी अहम होगा।

2024 से पहले विपक्ष का लिटमस टेस्ट

घोसी उपचुनाव एक तरह से 2024 से पहले गैर-बीजेपी दलों का लिटमस टेस्ट होगा। सपा से विधायक रहे दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव हुआ था। दारा बीबीजपी में शामिल हुए और पार्टी ने उन्हें फिर इस सीट से उम्मीदवार बना दिया है। उन्होंने अपने सियासी करियर का बड़ा दांव खेला है। दूसरी ओर सपा ने इस सीट से अपने पुराने चेहरे सुधाकर सिंह को उतारा था। हालांकि इस सीट पर ओबीसी और ठाकुर समुदाय के अलावा मुस्लिम और राजभर भी काफी संख्या में हैं।

दारा सिंह कभी बीजेपी में, तो कभी एसपी में

बीजेपी में रहे पूर्व राज्यसभा सदस्य दारा सिंह का दिल सपा में भी नहीं लगा और वह भारतीय जनता पार्टी में फिर से शामिल हो गए जिसने सारे समीकरण बदल डाले। मतदाताओं के बीच खासा प्रभाव रखने वाले चौहान ने पहले 2017 में सीट जीती थी। 2022 के चुनावों से पहले उनके सपा में जाने के बाद यह सीट अखिलेश यादव की पार्टी के खाते में चली गई।

सपा और भाजपा दोनों के लिए काफी अहम

लोकसभा के पहले यह उपचुनाव सपा और भाजपा दोनों के लिए काफी अहम है। दारा सिंह का यहां अपना एक अलग प्रभाव है। घोसी उपचुनाव सीट पर गठबंधन का हिस्सा होने के नाते सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर की प्रतिष्ठा भी दारा सिंह चौहान की तरह ही सीधे-सीधे दांव पर लगी है। बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की जीत राजभर को गठबंधन में मजबूत बनाएगी।

यहां कुल 4,30,452 मतदाता

राजनीतिक दलों के आंकड़ों के मुताबिक यहां कुल मतदाता 4,30,452 हैं। इनमें लगभग 65 हजार दलित और 60 हजार मुसलमान मतदाता हैं। इसके अलावा 40 हजार यादव, 40 हजार राजभर, 36 हजार लोनिया चौहान, 16 हजार निषाद और बाकी पिछड़ी जातियां मौजूद हैं। सपा ने घोसी उपचुनाव में पार्टी के पुराने नेता और क्षत्रिय समाज से आने वाले सुधाकर सिंह पर दांव लगाया। सुधाकर सिंह 1996 में नत्थूपुर से व परिसीमन के बाद घोसी विधानसभा क्षेत्र से 2012 में विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। सपा के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले घोसी उपचुनाव बड़ी परीक्षा है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article