देश

Gaganyaan Mission: गगनयान मिशन के लिए कब लॉन्च होगा TV-D1 टेस्ट, इसरो ने तारीख की कर दी घोषणा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 16, 2023, 03:54 PM IST

Gaganyaan Mission: TV-D1 टेस्ट को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा।

Image

गगनयान मिशन के लिए 21 अक्टूबर को लॉन्च होगा TV-D1 Test (फोटो- ISRO)

Gaganyaan Mission: मिशन गगनयान को लेकर इसरो ने बड़ी घोषणा कर दी है। इस मिशन से जुड़े TV-D1 टेस्ट को लेकर अहम जानकारी देते हुए इसरो ने कहा कि इसे 21 अक्टूबर को लॉन्च किया जाएगा।

गगनयान पर क्या बोला इसरो

TV-D1 टेस्ट को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सोमवार को टीवी डी-1 टेस्ट को लेकर यह जानकारी ट्वीट करके दी। इसरो ने लिखा- "TV-D1 परीक्षण उड़ान 21 अक्टूबर, 2023 को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच एसडीएससी-शार, श्रीहरिकोटा से निर्धारित है।"

TV-D1 टेस्ट में क्या होगा

परीक्षण में मॉड्यूल को बाहरी अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करना, उसे पृथ्वी पर वापस लाना और बंगाल की खाड़ी में उतरने के बाद इसे पुन: प्रप्त करना शामिल है। उन्होंने बताया कि नौसेना ने मॉड्यूल को पुन: प्राप्त करने के लिए 'मॉक ऑपरेशन' पहले ही शुरू कर दिया है।

लगे हैं कई उपकरण

परीक्षण यान एक एकल-चरण रॉकेट है, जिसे इस मिशन के लिए विकसित किया गया है। इसके पेलोड में 'क्रू मॉड्यूल' (सीएम) और 'क्रू एस्केप सिस्टम' (सीईएस) के साथ तेजी से काम करने वाले मोटर, 'सीएम फेयरिंग' (सीएमएफ) और 'इंटरफेस एडेप्टर' जैसे उपकरण शामिल हैं। सीएम के साथ सीईएस को लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर परीक्षण यान से अलग किया जाएगा। सीईएस को अलग करने के बाद श्रीहरिकोटा तट से लगभग 10 किलोमीटर दूर समुद्र में परीक्षण संपन्न होगा।

इसके बाद होंगे और परीक्षण

21 अक्टूबर को होने वाली पहली टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान के बाद अंतरिक्ष एजेंसी महत्वाकांक्षी गगनयान कार्यक्रम के तीन और परीक्षण उड़ान मिशन को अंजाम देगी। दूसरे चरण के तहत परीक्षण यान मिशन (टीवी-डी3 और डी4) और एलवीएम3-जी2 को रोबोटिक पेलोड के साथ भेजने की योजना है। गगनयान अभियान में मानव दल को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा और उन्हें सुरक्षित हिंद महासागर में उतारा जाएगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article