देश

कोरोना से निपटने के लिए अस्पताल कितने तैयार, स्वास्थ्य मंत्रालय देश भर में करेगा मॉक ड्रिल

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 23, 2023, 06:12 PM IST

Covid cases in India : केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि इंफ्लुएंजा और कोरोना के बढ़ते संक्रमण से निपटने के लिए अस्पताल कितने तैयार हैं, इसका टेस्ट करने के लिए सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में मॉक ड्रिल किए जाएंगे।

Image

देश भर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं।

Photo : ANI

Covid cases in India : देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों पर सरकार गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ देश में कोरोना की ताजा स्थिति की समीक्षा की। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि कोरोना से निपटने के लिए देश के अस्पताल कितने तैयार हैं, इसे परखने के लिए वह मॉकड्रिल करेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि इंफ्लुएंजा और कोरोना के बढ़ते संक्रमण से निपटने के लिए अस्पताल कितने तैयार हैं, इसका टेस्ट करने के लिए सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में मॉक ड्रिल किए जाएंगे।

गुरुवार को देश में 1,300 नए केस मिले

दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूषण ने कहा, 'गुरुवार को देश में कोविड संक्रमण के 1,300 नए केस मिले। संक्रमण की यह संख्या बीते 140 दिनों में सबसे ज्यादा है। कोरोना मरीजों का उपचार करने के लिए सभी राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश कितने तैयार हैं, इसे जांचने-परखने के लिए हम नए सिरे से मॉक ड्रिल करेंगे।' इससे पहले कोविड की तैयारियों को जांचने के लिए गत 27 दिसंबर को देश भर के अस्पतालों में मॉक ड्रिल हुए।

भारत में दुनिया का मात्र एक फीसदी केस

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अभी कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के जितने केस सामने आ रहे हैं उसका मात्र एक प्रतिशत भारत में है। देश के जिन राज्यों में कोविड संक्रमण के सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं वे प्रदेश महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान हैं।

देश में अभी 7,605 लोगों का इलाज चल रहा

आंकड़ों के मुताबिक, भारत में संक्रमण की दैनिक दर 1.46 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 1.08 प्रतिशत है। देश में अभी 7,605 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.02 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.79 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,41,60,997 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। जबकि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.65 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article