मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोटमा कस्बे में शनिवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराने 'अग्रवाल लॉज' की चार मंजिला इमारत ढह गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं 10 से 15 लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी तक 2 लोगों का रेस्क्यू किया गया है, जिनकी हालत गम्भीर हैं, उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटमा में भर्ती कराया गया है।
जोरदार धमाके के साथ छा गए धूल के बादल
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम 5.30 बजे घटी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब इमारत गिरी तो अचानक ऐसा लगा जैसे कहीं जोरदार विस्फोट हुआ हो, साथ ही पूरा इलाका धूल के बड़े-बड़े बादलों से ढक गया।
10 साल पुरानी थी इमारत
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। लॉज के बगल वाले भूखंड में भी निर्माण कार्य चल रहा था। घटना के समय वहां बस स्टैंड के यात्री और भूखंड पर काम कर रहे लोग मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान ने बताया कि ये इमारत लगभग 10 साल पुरानी थी, जिसके कारण यह नहीं कहा जा सकता कि वो बहुत पुरानी थी। ऐसे में दुर्घटना का कारण पास में चल रहा निर्माण कार्य हो सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने जमुना कोटमा स्थित एसईसीएल की सुविधा केंद्र और कोयला खनन कंपनी जेएमएस से विशेषज्ञ बचाव दल बुलाए गए हैं। बचाव और राहत कार्यों में एसईसीएल की टीमें और आधुनिक मशीनरी तैनात की गई हैं। कोटमा और अनूपपुर के जिला अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
