देश

रालोद में शामिल हुए केसी त्यागी, कभी थे नीतीश कुमार के खास; हाल ही में JDU से दिया था इस्तीफा

जदयू के पूर्व नेता केसी त्यागी अब उत्तर प्रदेश की राजनीति करते दिखेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय पार्टी रालोद का दामन थाम लिया है। केसी त्यागी आरएलडी में शामिल हो गए हैं।

Image

रालोद में शामिल हुए केसी त्यागी

जदयू के पूर्व नेता केसी त्यागी रालोद (RLD) में शामिल हो गए हैं। केसी त्यागी कभी बिहार सीएम नीतीश कुमार के काफी करीबी थे और जदूय के प्रमुख चेहरों में से एक थे। हाल ही में केसी त्यागी ने जदयू से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उनके किसी और पार्टी में जाने की अटकलें थीं। खुद केसी त्यागी ने ऐसे संकेत दिए थे। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में केसी त्यागी उनकी पार्टी में शामिल हुए।

हाल ही में दिया था जदयू से इस्तीफा

त्यागी ने मंगलवार को जद (यू) छोड़ने की घोषणा की थी। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया था। तब उन्होंने कहा था- ’’पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।’’उन्होंने हालांकि रेखांकित किया कि समाज के वंचित वर्गों सहित दलितों, किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों से संबंधित ’’व्यापक वैचारिक मुद्दों’’ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ’’पहले की तरह ही दृढ़’’ है। त्यागी ने कहा, ’’लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी अपरिवर्तित है।’’

जदयू की स्थापना के समय से नीतीश के थे साथ

त्यागी अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से बनी जद(यू) से जुड़े रहे। जनता दल (यूनाइटेड) का गठन 30 अक्टूबर 2003 को समता पार्टी और जनता दल के विलय से हुआ था। उस समय जॉर्ज फर्नांडिस पार्टी के अध्यक्ष थे, जबकि केसी त्यागी महासचिव के रूप में उनके साथ काम कर रहे थे। त्यागी ने शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ भी लंबे समय तक संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे पार्टी के मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। के. सी. त्यागी को पार्टी के वरिष्ठ और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं में गिना जाता रहा है। उन्हें लंबे समय तक नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में शामिल माना जाता था, हालांकि चर्चा है कि पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच दूरी बढ़ी है। इस संबंध में के. सी. त्यागी ने मंगलवार को एक बयान जारी कर स्थिति को सार्वजनिक किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article