देश

कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई गोलीबारी, एक पुलिसकर्मी घायल; सर्च ऑपरेशन जारी

Jammu and Kashmir: कठुआ में कुछ आतंकवादियों के इलाके में देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। ताजा जानकारी के अनुसार, इलाके में 4 से 5 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।

Image

कठुआ में फिर हुई गोलीबारी, कई आतंकियों के छिपे होने की आशंका

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Firing In Kathua: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों के साथ बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया जहां पिछले 4 दिन से आतंकवाद रोधी अभियान बड़े स्तर पर जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह मुठभेड़ आज सुबह उस समय हुई जब राजबाग के घाटी जुथाना इलाके में जखोले गांव के पास सुरक्षाबलों का सामना आतंकवादियों से हुआ। यह जगह हीरानगर सेक्टर में रविवार को हुई मुठभेड़ वाले स्थल से लगभग 30 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त बल भेजा गया है और अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी। माना जा रहा है कि ये आतंकवादी उसी समूह का हिस्सा हैं जो रविवार शाम को हीरानगर सेक्टर में आधे घंटे से अधिक समय तक चली मुठभेड़ के बाद भाग निकला था।

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच रविवार शाम को मुठभेड़ हुई थी। अधिकारियों ने बताया था कि यह मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई थी जब सुरक्षा बलों ने इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास सान्याल गांव में तलाशी अभियान शुरू किया था।

शोपियां में पुलिस की छापेमारी जारी, कई घरों की ली जा रही तलाशी

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं और संदिग्धों के घरों की तलाशी ले रही हैं। जिसके तहत आतंकी गतिविधियों से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। शोपियां पुलिस के मुताबिक, यह छापेमारी यूएपीए के तहत दर्ज मामलों को लेकर की जा रही है। जांच में कुछ लोगों पर शक है, जिनके ठिकानों पर पुलिस पहुंची है। घरों की तलाशी के दौरान दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सामान की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यह कदम इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, छापेमारी सुबह के वक्त शुरू हुई और कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस ने सुरक्षा के लिए इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। अभी तक छापेमारी में क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सारी बातें सामने आएंगी। शोपियां जिला पहले भी आतंकी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article