देश

कैश फॉर क्वेरी मामला: महुआ मोइत्रा की बढ़ेंगी मुश्किलें, शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही लोकसभा में पेश होगी रिपोर्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 2, 2023, 08:53 AM IST

Cash For Query Case: एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा पर लगे आरोपों को काफी गंभीर मानते हुए उनके आचरण को आपत्तिजनक और अनैतिक करार दिया है। इसी को आधार बनाकर कमेटी ने महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने या फिर गहन जांच की रिपोर्ट आने तक उनकी सदस्यता निलंबित करने की सिफारिश की है।

Image

महुआ मोइत्रा

Photo : BCCL

Cash For Query Case: पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में महुआ मोइत्रा के खिलाफ जांच करने वाली सदन की एथिक्स कमेटी आगामी शीतकालीन सत्र के पहले दिन (4 दिसंबर) ही अपनी रिपोर्ट लोकसभा में पेश करेगी। लोकसभा के लिस्ट ऑफ बिजनेस के अनुसार, विनोद सोनकर की अध्यक्षता वाली लोकसभा की एथिक्स कमेटी सोमवार, 4 दिसंबर को महुआ मोइत्रा मामले में की गई अपनी जांच रिपोर्ट को सदन के पटल पर पेश करेगी।

आईपीसी, सीआरपीसी और इंडियन एविडेंस एक्ट की जगह लेने वाले भारतीय न्याय संहिता विधेयक-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक-2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023 पर गृह मंत्रालय से जुड़ी संसद की स्टैंडिंग कमेटी की रिपोर्ट को भी सोमवार को ही सदन में पेश किया जाएगा।

एथिक्स कमेटी ने तैयार की थी 500 पन्नों की रिपोर्ट

आपको बता दें कि महुआ मोइत्रा मामले में एथिक्स कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट को पिछले महीने 10 नवंबर को ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेज दिया था। पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में लोकसभा अध्यक्ष बिरला के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कर एथिक्स कमेटी ने लगभग 500 पन्नो की अपनी रिपोर्ट तैयार की थी, जिसे एथिक्स कमेटी की बैठक में 6-4 के अंतर से मंजूर कर लिया था। सूत्रों के मुताबिक, एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा पर लगे आरोपों को काफी गंभीर मानते हुए उनके आचरण को आपत्तिजनक और अनैतिक करार दिया है। इसी को आधार बनाकर कमेटी ने महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने या फिर गहन जांच की रिपोर्ट आने तक उनकी सदस्यता निलंबित करने की सिफारिश की है क्योंकि कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में भारत सरकार से इस पूरे मामले की समयबद्ध, गहन, कानूनी और संस्थागत जांच की सिफारिश करते हुए महुआ मोइत्रा और दर्शन हीरानंदानी के बीच पैसों के लेन-देन की भी गहन जांच करने की सिफारिश की है।

महुआ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश

कमेटी ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की है। संसद का शीतकालीन सत्र, 4 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है और इसके 22 दिसंबर तक चलने की संभावना है। शीतकालीन सत्र के 19 दिनों के दौरान 15 बैठकें होंगी। शीतकालीन सत्र के एजेंडे पर चर्चा करने के लिए सरकार ने 2 दिसंबर को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article