देश

उधमपुर में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, सेना का 1 जवान शहीद; ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षाबलों ने उधमपुर के बसंतगढ़ में कुछ आतंकियों को घेर लिया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना पर आतंकियों ने गोलियां चला दीं, जिसके जवाब में भारतीय सेना की तरफ से भी लगातार फायरिंग हो रही है।

Image

उधमपुर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद

Photo : ANI

Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में बृहस्पतिवार को तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा बलों और संदिग्ध आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान डुडु-बसंतगढ़ इलाके में गोलीबारी हुई। व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर कहा कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर आज उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। सेना ने कहा कि शुरुआती गोलीबारी में हमारा एक बहादुर जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा प्रयासों के बावजूद वह बच नहीं सका। उन्होंने कहा कि अंतिम सूचना आने तक मुठभेड़ जारी थी।

सेना के रोमियो फोर्स का सर्च ऑपरेशन जारी

इस बीच, भारतीय सेना के रोमियो फोर्स और विशेष अभियान समूह (SOG) ने गुरुवार को लगातार 10वें दिन जम्मू और कश्मीर के पुंछ में लसाना के वन क्षेत्र में अपना संयुक्त अभियान जारी रखा ताकि इस क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों का पता लगाया जा सके। 14 अप्रैल को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी के बाद 15 अप्रैल को तलाशी अभियान शुरू हुआ। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और घने जंगल वाले इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, पुंछ को जम्मू से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लसाना गांव के पास आतंकवादियों ने रोमियो फोर्स के जवानों पर गोलियां चलाईं। इस बीच, सुरक्षा बलों ने जम्मू-राजौरी-पुछ राजमार्ग 144 पर सतर्कता बढ़ा दी है। राजौरी ट्रैफिक पुलिस अधिकारी अहमद दीन ने कहा कि हम स्थानीय कारों की जांच कर उनके लाइसेंस की जांच कर रहे हैं। हम लोडेड ट्रक को अनुमति नहीं दे रहे हैं क्योंकि इससे जाम लग सकता है। ट्रैफिक पुलिस वहां है, जिला पुलिस वहां है और सेना भी हमारा साथ दे रही है। 24/7 नाके हैं। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले में 26 लोग मारे गए। मंगलवार को पहलगाम के बैसरन मैदान में आतंकवादियों द्वारा किया गया यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमलों में से एक है जिसमें 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। यह हमला 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद इस क्षेत्र में सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article