देश

'संविधान हत्या दिवस' पर सियासत तेज, अब संजय राउत बोले-ऐसे हालात में वाजपेयी भी लागू कर देते आपातकाल

Sanajay Raut : शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा, '1975 में देश में कुछ लोग आराजकता फैलाना चाहते थे। राम लीला मैदान से खुले तौर पर घोषणा हुई कि सेना और उसके जवान सरकार के फरमानों को न मानें। ऐसे हालात में उस समय यदि अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री होते तो वह भी आपातकाल लागू कर देते।

Image

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत।

KEY HIGHLIGHTS
  • 'संविधान हत्या दिवस' को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं
  • शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने आपातकाल का बचाव किया है
  • संजय राउत ने कहा कि राष्ट्रीय हित में लिया गया फैसला था आपातकाल

Sanajay Raut : आपातकाल को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। सरकार द्वारा 25 जून को 'संविधान हत्या दिवस' घोषित किए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। दोनों और से जुबानी हमले हो रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को कहा कि इनके पास और कोई काम नहीं बचा है। देश में आपातकाल को लगे 50 साल हो गए हैं। लोग इसे भूल चुके हैं। राउत ने पूछा कि देश में आपातकाल लगाने की नौबत क्यों आई?

वाजपेयी पीएम होते तो वह भी यही करते-राउत

राउत ने कहा, '1975 में देश में कुछ लोग आराजकता फैलाना चाहते थे। राम लीला मैदान से खुले तौर पर घोषणा हुई कि सेना और उसके जवान सरकार के फरमानों को न मानें। ऐसे हालात में उस समय यदि अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री होते तो वह भी आपातकाल लागू कर देते। यह राष्ट्रीय हित में लिया गया फैसला था। उस समय देश में कुछ लोग बम बना रहे थे और कई जगहों पर विस्फोट कर रहे ते। बाला साहेब ठाकरे ने खुले तौर पर आपातकाल का समर्थन किया था। आरएसएस ने भी इसका समर्थन किया।'

पीएम ने क्या कहा

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 25 जून को 'संविधान हत्या दिवस' मनाना ये याद दिलाएगा कि जब भारत के संविधान को कुचला जाता है तो क्या होता है। X पर उन्होंने लिखा, 'यह हर उस व्यक्ति को श्रद्धांजलि देने का भी दिन है जो आपातकाल की ज्यादतियों की वजह से उत्पीड़ित हुए। कांग्रेस ने भारतीय इतिहास में ये काला दौर शुरू किया था।' पीएम मोदी की ये टिप्पणी गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 25 जून को 'संविधान हत्या दिवस' मनाए जाने की घोषणा के बाद आई है।

आपातकाल के दौरान दमन चक्र चलाया गया-राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में आपातकाल के कारण जो परिस्थितियां पैदा हुईं और जिस तरह का दमन चक्र चलाया गया, वह आज भी देश की जनता की स्मृति में ताजा है।’उन्होंने कहा कि केंद्र ने 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में घोषित किया है, ताकि भारत में आपातकाल लगाकर संविधान का गला घोंटने की कोशिश याद दिलाई जा सके और इसके खिलाफ लड़ने वाले और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जा सके।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!