Assam SIR: असम में वोटर लिस्ट के स्पेशल रिवीजन की घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। असम में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नोटिफिकेशन के अनुसार असम में 10 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उससे पहले 22 नवंबर से बूथ लेवल ऑफिसर हाउस टू हाउस वेरिफिकेशन करेंगे और फिर 27 दिसम्बर को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा।
असम का SIR बाकी राज्यों से अलग
असम का स्पेशल रिवीजन 12 राज्यों में चल रहे SIR से अलग होगा। इसमें प्रिटेंड गणना प्रपत्र नहीं भरना होगा। इसमें पिछले स्पेशल समरी रिवीजन(SSR) में तैयार वोटर लिस्ट के आधार पर बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर रजिस्टर मेंटेन करेंगे। एक ही नामों के डुप्लीकेशन/मृतक मतदाताओं/स्थाई रूप से शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
SIR से अलग प्रक्रिया
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के लिए चुनाव प्राधिकरण द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, एक जनवरी, 2026 राज्य के लिए विशेष संशोधन करने की पात्रता तिथि होगी। अधिकारियों के अनुसार, विशेष पुनरीक्षण, मतदाता सूचियों के वार्षिक विशेष सारांश पुनरीक्षण और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच की प्रक्रिया है।
कहां-कहां हो रहा है SIR
आयोग ने छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप के लिए एसआईआर का पिछले महीने आदेश दिया था। इनमें से तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में 2026 में चुनाव होंगे। असम के लिए एसआईआर की घोषणा अलग से की गई है, जहां 2026 में चुनाव होने हैं।
