पुणे पुलिस ने रविवार तड़के शहर के खराड़ी इलाके में एक स्टूडियो अपार्टमेंट में चल रही कथित ‘ड्रग पार्टी’ पर छापा मारकर मादक पदार्थ, हुक्का और शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति प्रांजल खेवलकर का नाम सामने आने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को पुलिस की हिरासत में भेज दिया है, जहां इनसे पूछताछ जारी है।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
पीटीआई के अनुसार पुलिस की अपराध शाखा को इस रेव पार्टी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस उपायुक्त (अपराध) निखिल पिंगले के नेतृत्व में टीम ने खराड़ी स्थित एक स्टूडियो अपार्टमेंट पर छापा मारा। पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट में एक 'ड्रग पार्टी' चल रही थी, जहां से कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। प्रांजल खेवलकर का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता विजय थोम्ब्रे ने अपने मुवक्किल के खिलाफ लगाए गए आरोपों का खंडन किया और दावा किया कि उन्हें फंसाया गया है।
क्या-क्या जब्त हुआ?
- 2.7 ग्राम कोकीन जैसा पदार्थ
- 70 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ
- हुक्का और विभिन्न फ्लेवर
- शराब व बीयर की बोतलें
गिरफ्तार किए गए सात आरोपी
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए सात लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है: प्रांजल खेवलकर, निखिल पोपटानी, समीर सैयद, श्रीपद यादव, सचिन भोमबे, ईशा सिंह, प्राची शर्मा, इन सभी को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।
राजनैतिक घमासान शुरू
इस कार्रवाई ने केवल पुलिस स्तर पर ही नहीं, राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा: “इस बात की जांच होनी चाहिए कि कहीं इस पुलिस कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक मकसद तो नहीं है।”
देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा
पुणे रेव पार्टी मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "मैंने भी इसे सिर्फ मीडिया में ही देखा है। मैं सुबह से ही कार्यक्रमों में शामिल हो रहा हूं, इसलिए मुझे अभी तक इसकी कोई खास जानकारी नहीं मिली है। मीडिया में जो दिखाया जा रहा है, उसके आधार पर पुलिस ने एक रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है और वहां कुछ लोग पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि वहां ड्रग्स भी मिले हैं। एक बार मुझे पूरी जानकारी मिल जाए, तो मैं इस पर कोई टिप्पणी कर पाऊंगा। पहली नज़र में तो ऐसा लगता है कि उस जगह पर कोई अपराध हुआ है..."
