देश

सीएम भगवंत मान की अपील का असर, लोगों ने कम फोड़े पटाखे, इस बार दिवाली पर पंजाब में कम रहा प्रदूषण का स्तर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 25, 2022, 08:40 PM IST

मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) की अपील की वजह से पंजाब में लोगों ने इस साल दिवाली (Diwali) के दिन लोगों ने पटाखे कम फोड़े। जिसकी वजह से पंजाब में प्रदूषण का स्तर पिछले साल की तुलना में कम रहा।

Image

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान

Photo : Twitter

चंडीगढ़ : दीवाली के त्योहार के अवसर पर पंजाब में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में पिछले साल के मुकाबले 16.4 प्रतिशत और 2020 के मुकाबले 31.7 प्रतिशत की कमी देखने को मिली है। पर्यावरण मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की लगातार कोशिशों और मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) की अपील के स्वरूप इस साल दिवाली (Diwali) वाले दिन पिछले सालों के मुकाबले वायु की गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ है।

पर्यावरण मंत्री ने आगे बताया कि पिछले साल और 2020 में कोई भी शहर ए.क्यू.आई. की मध्यम श्रेणी में नहीं रहा, जबकि इस साल 2 शहर (खन्ना और मंडी गोबिन्दगढ़) ए.क्यू.आई. की मध्यम श्रेणी में रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कुल मिलाकर देखा जाए तो पंजाब के बड़े 6 शहरों में पिछले साल दीवाली के दिनों (2020 और 2021) के मुकाबले इस साल दीवाली (2022) के दौरान AQI में बड़ी कमी देखने को मिली है। उन्होंने आगे बताया कि दीवाली के अवसर पर पंजाब का औसत ए.क्यू.आई. 2021 में 268 (खराब) और 2020 में 328 (बहुत खराब) के मुकाबले इस साल 224 (खराब) था।

उन्होंने बताया कि इस साल अमृतसर में ए.क्यू.आई. श्रेणी 262 के साथ अधिकतम ए.क्यू.आई. दर्ज किया गया। हालांकि पिछले साल अधिकम ए.क्यू.आई 327 (बहुत खराब) जालंधर में दर्ज किया गया था और 2020 में अधिकतम ए.क्यू.आई. 386 (बहुत खराब) अमृतसर में देखा गया था। इस साल न्यूनतम ए.क्यू.आई. मंडी गोबिन्दगढ़ में 188 (मध्यम) दर्ज किया गया, जोकि पिछले साल 220 (खराब) और 2020 में 262 (खराब) दर्ज किया गया था।

Pollution in Punjab

पंजाब में प्रदूषण का स्तर

पिछले साल 2 शहरों (अमृतसर और जालंधर) का ए.क्यू.आई. बहुत खराब श्रेणी में रहा, जबकि 2020 में चार शहरों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला का ए.क्यू.आई. बहुत खराब श्रेणी में रहा। हालांकि इस साल कोई भी शहर ए.क्यू.आई. की बहुत खराब श्रेणी में नहीं रहा। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि इस साल ए.क्यू.आई. में सबसे अधिक कमी जालंधर (31.2 प्रतिशत) और सबसे कम कमी पटियाला (7.0 प्रतिशत) में देखी गई।

पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन प्रो. आदर्श पॉल विग ने पटाखे चलाने और दीवाली का त्योहार मनाने के लिए ग्रीन पटाखों का प्रयोग करने के लिए निर्धारित समय के सम्बन्ध में जारी की गई एडवाइजरी की पालना करने के लिए पंजाब के लोगों का धन्यवाद किया, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साल और 2020 के मुकाबले इस साल समूचे तौर पर वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

बोर्ड के मैंबर सचिव करुनेश गर्ग ने बताया कि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वास्तविक समय पर परिवेशी वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए पंजाब के 6 शहरों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, खन्ना, मंडी गोबिन्दगढ़ और पटियाला में निरंतर परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) स्थापित किए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article