Ranchi Land Scam: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ करेगी, सोरेन 8 समन के बाद पूछताछ के लिए राजी हुए हैं, सीएम ने पत्र लिखकर ED को अपने आवास बुलाया है, जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय हेमंत सोरेन से कई सवाल करेगी, ईडी के अधिकारी शनिवार को दोपहर 12 बजे सीएम हाउस पहुंचेंगे इसके बाद आवास में ही सीएम से पूछताछ होगी।
गौर हो कि जांच एजेंसी के खिलाफ पार्टी समेत आदिवासी संगठन विरोध दर्ज करा रहे हैं, हाल ही में कोलकाता में ED अधिकारियों पर हमले के बाद एजेंसी को इस बात का खतरा बना हुआ है कि सोरेन से पूछताछ के दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ईडी ने प्रशासन को पत्र लिखा है
इसे देखते हुए पूछताछ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ईडी ने प्रशासन को पत्र लिखा है, मुख्यमंत्री से पूछताछ के दौरान रांची सहित पूरे राज्य में किसी तरह की विधि-व्यवस्था संबंधित संकट उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बताते हैं कि ईडी कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई है।
सीएम सोरेन से ED की पूछताछ से पहले आदिवासियों ने निकाला मार्च
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रवर्तन निदेशालय की निर्धारित पूछताछ की पूर्व संध्या पर कई आदिवासी संगठनों ने शुक्रवार को केंद्रीय एजेंसी के खिलाफ रांची में मार्च निकाला।पारंपरिक हथियार तीर-धनुष, 'सरना' धर्म के झंडों और सोरेन के पोस्टर लेकर सैकड़ों की संख्या में आदिवासियों ने रांची के मोरहाबादी मैदान से मार्च निकाला और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन किया।इन पोस्टरों पर लिखा था, 'आदिवासी मुख्यमंत्री को परेशान करना बंद करो।'
सोरेन ईडी द्वारा जारी सात समन में पेश नहीं हुए थे
प्रदर्शनकारियों ने राजभवन के समीप भी प्रदर्शन किया और धमकी दी कि अगर ईडी ने सोरेन के खिलाफ अपनी कार्रवाई बंद नहीं कीं तो वे झारखंड में एक और 'उलगुलान' (विद्रोह) करेंगे।झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में ईडी द्वारा जारी सात समन में पेश नहीं हुए थे। इसके बाद जांच एजेंसी ने मामले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री से 16 जनवरी से 20 जनवरी के बीच उपलब्ध रहने को कहा था, जिसके जवाब में सोरेन ने ईडी को 20 जनवरी को उनके आवास पर बयान दर्ज कराने की बात कही थी।
